Bihar News : पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेरहवीं कल, 40 हजार लोगों के भोज का किया गया इंतजाम, खेतों में लगे टेंट और कुर्सियां

Bihar News : भोजपुर के बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की कल यानी 30 जून को तेरहवीं है। जहाँ 40 हज़ार से अधिक लोगों के खाने का इंतजाम किया गया है......पढ़िए आगे

Bihar News : पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी की तेरहवी
तेरहवीं कल - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी का श्राद्धकर्म 30 जून 2026 को आयोजित किया जा रहा है। घर में पिछले कई दिनों से चल रहे श्राद्धकर्म के तहत बड़े भाई बसंत तिवारी ने गोदान की रस्म पूरी की। वहीं, शैय्या दान के दौरान भरत की वृद्ध मां अपने दिवंगत बेटे को याद कर फफक-फफक कर रो पड़ीं, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं। इस महाभोज और श्रद्धांजलि सभा को लेकर बिलौटी गांव में ऐतिहासिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजन समिति से जुड़े सदस्यों ने बताया कि मुख्य आयोजन के दिन अखंड पूजा का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 25 हजार लोगों के खाने-पीने का भव्य इंतजाम किया गया है, जबकि किसी भी आपात स्थिति या भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए 40 हजार लोगों के लिए अतिरिक्त राशन स्टॉक में सुरक्षित रखा गया है। 

खेतों में बिछाए गए पलंग और विशाल शामियाना

भीषण गर्मी और अतिथियों की भारी संख्या को ध्यान में रखते हुए गांव के आस-पास के खेतों में बड़े-बड़े टेंट लगाए गए हैं। आगंतुकों के विश्राम के लिए खेतों के भीतर ही सैकड़ों बेड और कुर्सियां मंगवाई गई हैं। घर के ठीक सामने एक विशाल शामियाना (पंडाल) तैयार किया गया है, जहां श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी और लोग बैठकर भोजन ग्रहण करेंगे। उमस भरे मौसम को देखते हुए पूरे परिसर में भारी संख्या में कूलर और पंखे भी इंस्टॉल किए गए हैं।

देश के कई राज्यों से जुटेंगे हजारों लोग

बिहार के विभिन्न जिले, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, ग्वालियर (मध्य प्रदेश) आदि से लोगों के श्राद्धकर्म में आने की संभावना जताई जा रही है। जिनके लिए खेतों में बेड, विशाल वाटरप्रूफ टेंट, कूलर-पंखे और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की गयी है।

पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की मांग, आंदोलन की चेतावनी

इस भावुक माहौल के बीच न्याय की मांग को लेकर परिजनों और समर्थकों का आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। तेरहवीं संस्कार से ठीक पहले, भरत तिवारी के कथित फर्जी एनकाउंटर के लिए दोषी बताए जा रहे पुलिसकर्मियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को एक बार फिर प्रमुखता से दोहराया गया है। परिजनों और स्थानीय नागरिक समाज ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर जल्द सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे पटना में विधानसभा का घेराव करने को बाध्य होंगे। इस श्रद्धांजलि सभा में देश के कोने-कोने से आने वाले हजारों लोगों और विभिन्न राजनैतिक-सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति को देखते हुए स्थानीय स्तर पर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और वालंटियर्स की तैनाती को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

आशीष की रिपोर्ट