Bhojpur crime: भोजपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर किया प्रदर्शन
Bhojpur crime: भोजपुर के नीमा गांव में 23 वर्षीय युवक शत्रुध्न कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम के बाद ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर आरा-सासाराम मार्ग जाम किया।
Bhojpur crime: बिहार के भोजपुर जिले में सोमवार शाम एक 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना उदवंतनगर थाना क्षेत्र के नीमा गांव की है। युवक का शव मिलने के बाद इलाके में तनाव और गुस्से का माहौल बन गया। हत्या से नाराज ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम के बाद शव को सड़क पर रखकर आरा-सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया।
नहर के पास मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम नीमा गांव में पूर्वी नहर के किनारे पीपल के पेड़ के पास युवक का शव मिला। उसके शरीर पर गोली लगने के निशान थे। मृतक की पहचान नीमा गांव निवासी शत्रुध्न कुमार, उम्र 23 साल के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था। शव मिलने की जानकारी मिलते ही उदवंतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरा सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
शव सड़क पर रखकर किया प्रदर्शन
पोस्टमार्टम के बाद जब शत्रुध्न कुमार का शव गांव पहुंचा तो ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ गया। लोगों ने शव को आरा-सासाराम मुख्य मार्ग पर रख दिया और सड़क पर आवागमन रोक दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों की मांग थी कि युवक की हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और मामले का जल्द खुलासा किया जाए। हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति भी बनी हुई है।
पुलिस ने जांच शुरू की
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की और मामले में जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद जाम हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान पता करने में जुटी है। आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी देखी जा रही है। इसके अलावा पुलिस दूसरे संभावित सबूतों को भी जुटा रही है। फिलहाल हत्या के कारण और आरोपियों के बारे में पुलिस की जांच जारी है। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी वजह और वारदात में शामिल लोगों के बारे में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
आरा से आशीष की रिपोर्ट