Bhojpur Crime: भोजपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन लूट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

Bhojpur Crime: भोजपुर में युवक से पिस्टल के बल पर 28 हजार की ऑनलाइन लूट करने वाले तीन अपराधी गिरफ्तार, पुलिस ने पिस्टल और मोबाइल बरामद किए।

Bhojpur Crime
भोजपुर में लूटकांड का खुलासा- फोटो : news4nation

Bhojpur Crime: भोजपुर जिले में बाइक सवार युवक से लूट और ऑनलाइन ठगी करने वाले तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 23 मई 2026 की दोपहर करीब 11:45 बजे की है। पीड़ित चंदन कुमार, जो शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलोटी गांव के रहने वाले हैं, आरा से अपने घर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान NH-922 पर कारीसाथ छोटी पुल के पास वह शौच के लिए रुके थे। तभी वहां तीन अज्ञात अपराधी पहुंचे और पिस्टल दिखाकर उन्हें जबरदस्ती पुल के नीचे ले गए।

अपराधियों ने चंदन कुमार के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए उनके मोबाइल फोन से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर 28 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित किसी तरह गजराजगंज ओपी पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में गजराजगंज ओपी अध्यक्ष चंचल कुमार महथा, पुलिस अधिकारी धनंजय सिंह, सोनी कुमारी, मनीष कुमार सिंह और पंचानन पासवान शामिल थे। पुलिस ने तकनीकी जांच और स्थानीय सूत्रों की मदद से छापेमारी शुरू की।

पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

जांच के दौरान पुलिस ने कारीसाथ गांव से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में ऋतिक कुमार, सत्यम सिंह और आकाश कुमार उर्फ बिट्टू शामिल हैं। ऋतिक कुमार के घर से एक पिस्टल भी बरामद की गई। वहीं पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जांच में यह पुष्टि हुई कि आकाश कुमार उर्फ बिट्टू के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन के जरिए पीड़ित के खाते से 28 हजार रुपये निकाले गए थे। पुलिस पूछताछ में तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट