Bhojpur bribe case: भोजपुर में रिश्वत कांड, 50 हजार की लालच में थाना प्रभारी समेत 3 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज

Bhojpur bribe case: भोजपुर के ख्वासपुर थाना में रिश्वत मांगने के आरोप में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी निलंबित किए गए। जांच में आरोप सही पाए गए।

Bhojpur bribe case
भोजपुर में रिश्वत कांड- फोटो : social media

Bhojpur bribe case: भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित ख्वासपुर थाना में भ्रष्टाचार और लापरवाही के गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। रिश्वत मांगने और कर्तव्यहीनता के आरोप में थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले के अनुसार, पीड़ित सौदागर कुमार बिंद ने आरोप लगाया था कि उनके भतीजे विशाल कुमार सहित दो अन्य युवकों को थाने में हिरासत में रखा गया था और उन्हें छोड़ने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। इस शिकायत की जानकारी पुलिस अधीक्षक तक पहुंची, जिसके बाद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी-2) रंजीत कुमार सिंह को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई।

जांच के दौरान डीएसपी-2 ने थाने पहुंचकर दोनों पक्षों से पूछताछ की। इसमें लड़का और लड़की पक्ष दोनों ने पु०अ०नि० दिलीप कुमार दिवाकर पर 50 हजार रुपये की मांग करने और पैसे न देने पर अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए। इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया कि थाना दैनिकी (डायरी) कई दिनों से अपडेट नहीं की गई थी, जो गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानी गई।

रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की अनुशंसा

पूरे मामले की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की अनुशंसा की गई, जिसके बाद भोजपुर पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना प्रभारी विधा भूषण, पु०अ०नि० दिलीप कुमार दिवाकर और पीटीसी रमेश प्रसाद यादव को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में तीनों का मुख्यालय पुलिस केंद्र, आरा निर्धारित किया गया है। इस कार्रवाई को पुलिस प्रशासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भ्रष्टाचार या कर्तव्य में लापरवाही पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

आरा से आशीष की रिपोर्ट