​​Bhojpur Accident: भोजपुर में खेत में काम कर रहे किसान जितेंद्र सिंह की करंट लगने से मौत, बोरिंग का तार ठीक करते समय हुआ हादसा

​​Bhojpur Accident: भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र में खेत में काम कर रहे 55 वर्षीय किसान जितेंद्र सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। ट्रांसफार्मर के पास बोरिंग का तार ठीक करते समय हादसा हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

​​Bhojpur Accident

Bhojpur Accident: भोजपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। खेत में काम कर रहे एक किसान की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान आयर थाना क्षेत्र के इचरी पंचायत के वार्ड-12 स्थित हदियाबाद गांव निवासी 55 वर्षीय जितेंद्र सिंह के रूप में हुई है। वह भुवनेश्वर सिंह के पुत्र थे। जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय जितेंद्र सिंह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान वह ट्रांसफार्मर के पास बोरिंग का तार ठीक करने लगे। बताया जा रहा है कि तार में बिजली का करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद उन्हें तुरंत इलाज के लिए गड़हनी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पड़ोसी राजकुमार सिंह ने बताया कि यह हादसा अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। जितेंद्र सिंह पेशे से किसान थे। वह दो भाइयों में सबसे छोटे थे और अपने परिवार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।

किसान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा

किसान की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने खेतों और ट्रांसफार्मर के आसपास बिजली व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाएं दोबारा न हों।

रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा