Bhojpur Farmer death: भोजपुर में खेत में काम कर रहे 68 वर्षीय किसान मोलन चौधरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत, गांव में शोक की लहर
Bhojpur Farmer death: भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर बधार में खेत में काम कर रहे 68 वर्षीय किसान मोलन चौधरी की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
Bhojpur Farmer death: भोजपुर जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के जगदीशपुर बधार में बुधवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, किसान अपने घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर खेत में खेती का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई।
खेत में मौजूद अन्य किसानों ने घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। किसान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक कहां का रहने वाला था?
मृतक की पहचान जगदीशपुर वार्ड संख्या-10 निवासी 68 वर्षीय मोलन चौधरी के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय बनारस चौधरी के पुत्र थे। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रशासन की ओर से मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। आकाशीय बिजली से हुई इस दुखद घटना ने एक बार फिर खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने के खतरे को सामने ला दिया है। ग्रामीणों ने लोगों से खराब मौसम और गरज-चमक के समय खुले मैदान और खेतों में जाने से बचने की अपील की है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट