Bhojpur News: भोजपुर में इलाज में लापरवाही का आरोप! ऑपरेशन के बाद 22 साल की महिला की मौत

Bhojpur News: भोजपुर में प्रसव के बाद इलाज में लापरवाही का आरोप लगा है। जहां निजी क्लीनिक में ऑपरेशन के बाद 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई।

Bhojpur News
डिलीवरी बनी मौत का कारण?- फोटो : news4nation

Bhojpur News:  भोजपुर जिले में एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रसव के बाद एक महिला की इलाज में लापरवाही के कारण मौत हो गई। आरोप है कि निजी क्लीनिक के डॉक्टर ने ऑपरेशन के दौरान महिला की पेशाब की थैली को ही सिल दिया, जिससे उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

मृतका की पहचान संदेश थाना क्षेत्र के देउआर गांव निवासी 22 वर्षीय सीमा कुमारी के रूप में हुई है, जो गुड्डू कुमार की पत्नी थीं। बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल को प्रसव पीड़ा होने पर परिवार वाले उन्हें बचरी गांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए थे। इसके बाद 12 अप्रैल को डॉक्टर ने उनका ऑपरेशन किया।

ऑपरेशन के करीब 4 घंटे बाद की स्थिति

ऑपरेशन के करीब 4 घंटे बाद ही सीमा का पेट फूलने लगा। परिजनों ने तुरंत डॉक्टर को इसकी जानकारी दी, लेकिन डॉक्टर ने इसे सामान्य बताते हुए कहा कि सब ठीक हो जाएगा। इसके बावजूद जब हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, तो परिवार ने डॉक्टर से उन्हें कहीं और रेफर करने की बात कही, लेकिन डॉक्टर ने ऐसा नहीं किया। समय बीतने के साथ सीमा की हालत और बिगड़ती गई और ऑपरेशन के तीन दिन बाद, मंगलवार को उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद डॉक्टर मौके से फरार हो गया और अस्पताल का बोर्ड तक उखाड़कर फेंक दिया गया।

इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप

मृतका के पिता निर्मल कुमार, जो दवंतनगर थाना क्षेत्र के दर्शन छपरा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने डॉक्टर मनोज कुमार और उसकी पत्नी पर इलाज में गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा और जांच शुरू कर दी है। परिवार के मुताबिक, सीमा की शादी मई 2023 में हुई थी। वह पांच बहनों और दो भाइयों में चौथे नंबर पर थीं। उनके पहले से जुड़वा बच्चे हैं—एक बेटा ऋषभ और एक बेटी शिवानी। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और उनकी मां लीलावती देवी समेत सभी परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट