Bhojpur murder case: भोजपुर में 200 रुपये के विवाद में हत्या! कारपेंटर की धारदार हथियार से मौत

Bhojpur murder case: भोजपुर में 200 रुपये के विवाद में कारपेंटर शंकर शर्मा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Bhojpur murder case
कारपेंटर की बेरहमी से हत्या!- फोटो : news4nation

Bhojpur murder case: भोजपुर जिले में सिर्फ 200 रुपये के विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मामूली पैसे के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक परिवार की जिंदगी उजड़ गई। धारदार हथियार से हमला कर कारपेंटर शंकर शर्मा (45) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। उनका खून से सना शव घर के पीछे मिला।

यह घटना चौरी थाना क्षेत्र के दुल्लमचक गांव वार्ड नंबर-11 की है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, मृतक के सिर पर करीब एक इंच गहरा घाव मिला है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।

व्यक्ति से 200 रुपये उधार लिए थे

मृतक के भाई चांद देव शर्मा ने बताया कि शंकर शर्मा ने गांव के ही एक व्यक्ति से 200 रुपये उधार लिए थे। बाद में उसी पैसे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और झगड़ा हुआ था। हालांकि गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर उस समय मामला शांत करा दिया था।परिजनों के मुताबिक, रात में खाना खाने के बाद शंकर शर्मा अपने घर में सो रहे थे। देर रात कुछ लोग आए और उन्हें उठाकर अपने साथ बाहर ले गए। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे।अगली सुबह गांव के लोग जब राम नरेश शर्मा के घर के पीछे गए तो वहां शंकर शर्मा खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले। उनके सिर से लगातार खून बह रहा था। यह देखकर गांव में हड़कंप मच गया। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पैसे के विवाद में शंकर शर्मा की हत्या

परिवार ने आशंका जताई है कि पैसे के विवाद में ही शंकर शर्मा की हत्या की गई है। इस मामले में पीरो एसडीपीओ के.के. सिंह ने बताया कि मृतक के सिर पर गहरा जख्म मिला है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद की बात सामने आई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

आरा आशीष की रिपोर्ट