Bhojpur death case: भोजपुर में छात्र की मौत पर हत्या का आरोप, पिता ने दोस्तों पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच तेज

Bhojpur death case: भोजपुर के कोइलवर में छात्र मो. साकिब की मौत मामले में पिता ने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी।

Bhojpur death case
छात्र की मौत के पीछे क्या है सच्चाई- फोटो : news4nation

Bhojpur Death Case: भोजपुर जिले के कोइलवर पुराने पुल के पास सोन नदी में एक महीने पहले छात्र मो. साकिब की डूबने से मौत हो गई थी। अब इस मामले ने फिर से नया मोड़ ले लिया है। मृतक के पिता का कहना है कि यह सिर्फ हादसा नहीं था, बल्कि उनके बेटे की साजिश के तहत हत्या की गई है। पीड़ित पिता ने आरोप लगाया है कि बेटे के कुछ दोस्तों ने मिलकर उसे नदी में डुबोकर मार डाला। उन्होंने पुलिस से इंसाफ की मांग करते हुए कहा कि प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे परिवार खुद को असहाय महसूस कर रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 1 अप्रैल की दोपहर सकड्डी गांव वार्ड नंबर-7 निवासी मो. महायुद्दीन का बेटा मो. साकिब अपने दोस्तों के साथ सोन नदी किनारे फोटो शूट कराने गया था। इसी दौरान वह नदी में डूब गया और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ही पिता ने कोइलवर थाना में आवेदन देकर सुरौंधा कॉलोनी के तीन युवकों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उनका कहना था कि ये युवक साकिब को घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे और बाद में नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज किया था।

साथियों के साथ मिलकर  हत्या कर दी

मृतक के पिता ने बताया कि करीब एक साल पहले उनके बेटे और हैदर नाम के युवक के बीच गांव की एक नाश्ते की दुकान पर मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद उन्होंने बेटे को हैदर से दूर रहने की सलाह दी थी।उन्होंने आगे बताया कि करीब छह महीने पहले हैदर एक लड़की को लेकर भाग गया था। बाद में पकड़े जाने पर लड़की के परिवार वालों ने उसकी पिटाई की थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। आरोप है कि मो. साकिब ने भी वह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया था। पिता का कहना है कि इसी बात को लेकर हैदर उनके बेटे से दुश्मनी रखने लगा था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश में हैदर ने अपने साथियों के साथ मिलकर साकिब की हत्या कर दी।

पुलिस अधीक्षक से मिलकर लिखित शिकायत

पीड़ित पिता ने कहा कि वह दो बार पुलिस अधीक्षक से मिलकर लिखित शिकायत दे चुके हैं, लेकिन अब तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं कोइलवर थानाध्यक्ष नरोत्तम चंद्र का कहना है कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। उनके मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच जारी है और सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर अनुसंधान किया जा रहा है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट