Bhojpur celebratory firing: भोजपुर में जयमाल के दौरान हर्ष फायरिंग, शादी का जश्न मातम में बदला

Bhojpur celebratory firing: भोजपुर में शादी के दौरान जयमाल में हर्ष फायरिंग हुई। बक्सर के बाराती हरेंद्र यादव को गोली लगी, गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।

Bhojpur celebratory firing
भोजपुर में शादी समारोह के दौरान फायरिंग- फोटो : news4nation

Bhojpur celebratory firing: भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। बुधवार रात जयमाल के समय चली गोली में एक बाराती घायल हो गया। गोली उसके बाएं हाथ में लगी है। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।

घायल व्यक्ति की पहचान बक्सर जिले के नवानगर थाना क्षेत्र के नवानगर गांव निवासी 45 वर्षीय हरेंद्र यादव के रूप में हुई है। यह घटना सिकरहटा थाना क्षेत्र के देव गांव की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार हरेंद्र यादव गांव-गांव घूमकर लहसुन और दाल बेचने का काम करते हैं। वह अपने गांव के निवासी बृज बिहारी यादव के बेटे रवि कुमार की बारात में शामिल होने देव गांव पहुंचे थे। बारात बिंदा सिंह के घर आई थी।

गोली लगते ही मच गई भगदड़

घायल हरेंद्र यादव ने बताया कि जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था और वह वहीं खड़े थे। इसी दौरान दो लोग वहां आए और उन्हें हटने के लिए कहा। इसके बाद अचानक हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान एक गोली उनके बाएं हाथ में लग गई। गोली लगते ही वहां मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि गोली लगने से काफी खून बह गया और हाथ की हड्डी भी टूट गई है। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलने के बाद सिकरहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि फायरिंग किसने की थी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा