Bhojpur Sun Temple: तरारी के देव वरुणार्क सूर्य मंदिर का 14.78 करोड़ से हुआ विकास, CM सम्राट चौधरी ने किया उद्घाटन
Bhojpur Sun Temple: भोजपुर के तरारी स्थित देव वरुणार्क सूर्य मंदिर में 14.78 करोड़ रुपये से विकास और सौंदर्यीकरण के काम कराए गए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से उद्घाटन किया।
Bhojpur Sun Temple: भोजपुर जिले के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले देव वरुणार्क सूर्य मंदिर के विकास और सौंदर्यीकरण की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के तहत मंदिर परिसर में कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। पर्यटन विभाग ने 14.78 करोड़ रुपये की स्वीकृत राशि से यहां श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधाओं के लिए कई निर्माण कार्य कराए हैं।
इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा और पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया। मौके पर तरारी विधायक विशाल प्रशांत, विधान पार्षद सोनू राय, पीरो एसडीओ कृष्ण कुमार उपाध्याय, एसडीपीओ कन्हैया कुमार समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
14.78 करोड़ रुपये से विकसित की गईं सुविधाएं
मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के तहत पर्यटन विभाग ने मंदिर परिसर में कई जरूरी सुविधाओं का विकास कराया है। इनमें जी प्लस वन सामुदायिक भवन, मंदिर परिसर की चहारदीवारी, तालाब में सीढ़ियों का निर्माण और तालाब के चारों ओर पाथवे बनाना शामिल है। इसके अलावा तालाब के आसपास रेड सैंड स्टोन लगाने, मंदिर परिसर में पाथवे बनाने और पौधारोपण का काम भी कराया गया है। मुख्य सड़क के पास एक भव्य प्रवेश द्वार भी बनाया गया है। इन सुविधाओं से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के साथ-साथ आने-जाने और विश्राम करने में सहूलियत मिलेगी।
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रखता है सूर्य मंदिर
देव सूर्य मंदिर का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व काफी पुराना है। उपलब्ध ऐतिहासिक विवरणों के अनुसार, मंदिर का निर्माण द्वापर युग के राजा वरुण और चौथी से छठी शताब्दी के गुप्त शासनकाल से जुड़ा बताया जाता है। मंदिर परिसर में काले पत्थर और बलुआ पत्थर से बनी भगवान सूर्य की छोटी-बड़ी 12 मूर्तियों सहित करीब 100 मूर्तियां मौजूद हैं। इनमें कई मूर्तियां खंडित हैं, जबकि कुछ आज भी अच्छी स्थिति में हैं।
धार्मिक पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मंदिर परिसर में विकास और सौंदर्यीकरण के काम पूरे होने से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इससे दूसरे जिलों और राज्यों से आने वाले पर्यटकों की संख्या भी बढ़ सकती है। मंदिर परिसर के व्यवस्थित विकास से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। साथ ही भोजपुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा