Bhojpur dowry Murder: भोजपुर में दहेज के लिए विलोभियों की हैवानियत, शादीशुदा महिला की हत्या कर शव बोरे में बांधकर गंगा में फेंका

Bhojpur dowry Murder: भोजपुर में दहेज के लिए विवाहिता की हत्या कर दी गई है। इसके बाद शव को बोरे में बांधकर गंगा में फेंक दिया गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार किया है।

Bhojpur dowry Murder
दहेज हत्या से दहला भोजपुर- फोटो : news4nation

Bhojpur dowry Murder: भोजपुर जिले में दहेज के लिए एक विवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हत्या के बाद महिला के शव को बोरे में बांधकर गंगा नदी में फेंक दिया गया। रविवार को सलेमपुर शमशान घाट के पास से शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान तेघरा गांव निवासी छोटका तुरहा की पत्नी रेणु देवी (30) के रूप में हुई है। मामला बिहिया थाना क्षेत्र का है।

मृतका के भाई अखिलेश कुमार ने इस मामले में बहनोई छोटका तुरहा, ससुर फूलचंद्र तुरहा, सास और ननद के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। परिवार ने आरोप लगाया है कि दहेज में 2 लाख रुपये की मांग को लेकर रेणु को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसकी हत्या कर दी गई और शव को गंगा में फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपी पति को अरेस्ट किया

पुलिस ने आरोपी पति छोटका तुरहा को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। मृतका के भाई अखिलेश कुमार ने बताया कि उनकी बहन रेणु की शादी मई 2022 में हुई थी। शादी के समय परिवार ने अपनी क्षमता के अनुसार दहेज दिया था। लेकिन शादी के करीब एक साल बाद ससुराल वाले 2 लाख रुपये की मांग करने लगे।

मृतका के भाई ने दिया बयान

अखिलेश के मुताबिक, उनका बहनोई रेणु से कहता था कि मायके से पैसे लेकर आओ ताकि वह बिजनेस शुरू कर सके। जब पैसे नहीं मिले तो बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाने लगा। उन्होंने बताया कि 14 मई को बहनोई ने फोन कर गाली-गलौज की। जब वजह पूछी गई तो उसने कहा कि तुम्हारी बहन मुझे गाली देती है, इसलिए मैं भी तुम्हें और तुम्हारी मां को गाली दे रहा हूं। इसके बाद अखिलेश ने कहा कि वह अगले दिन बहन के ससुराल आएंगे। अखिलेश ने बताया कि उन्होंने शादी कराने वाले व्यक्ति को भी फोन कर पूरी बात बताई थी। इसके बाद बहनोई ने फोन कर कहा कि रेणु घर से भाग गई है। जब वह बहन के ससुराल पहुंचे तो काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने थाने में बहन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई।

पूछताछ में आरोपी ने उगला सच

पुलिस ने जब आरोपी पति छोटका तुरहा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने कथित तौर पर हत्या की बात कबूल कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि पत्नी की हत्या करने के बाद शव को बोरे में बांधकर सलेमपुर शमशान घाट के पास गंगा किनारे फेंक दिया था। उसकी निशानदेही पर बिहिया थाना पुलिस ने रविवार दोपहर शव बरामद किया। शव की हालत काफी खराब हो चुकी थी। पोस्टमार्टम के लिए पहले सदर अस्पताल लाया गया, लेकिन शरीर गल जाने के कारण डॉक्टरों ने विस्तृत जांच के लिए शव को पटना भेज दिया। रेणु देवी अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थीं। परिवार में उनकी मां अशरफी देवी, एक बेटा गणेश और एक बेटी परी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट