Bhojpur Crime: भोजपुर में साइबर गिरोह का भंडाफोड़! फर्जी आधार बनाने वाले 2 गिरफ्तार
Bhojpur Crime: भोजपुर पुलिस ने आधार सिस्टम हैक कर फर्जी आधार बनाने वाले 2 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान लैपटॉप और मशीनें बरामद किए गए हैं।
Bhojpur Crime: भोजपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऐसे दो साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो आधार सेंटर के सिस्टम को हैक करके अवैध तरीके से आधार कार्ड बना रहे थे और उसमें बदलाव भी कर रहे थे। यह मामला 25 अप्रैल 2026 को सामने आया, जब आरा ब्लॉक में चल रहे एक स्थायी आधार पंजीकरण केंद्र के संचालक धीरज कुमार महतो ने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके आधार ऑपरेटर आईडी और फिंगरप्रिंट का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। किसी ने उनका सिस्टम हैक कर लिया है और उसी के जरिए पूरे बिहार में अवैध रूप से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं।
इस शिकायत के आधार पर भोजपुर साइबर थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में साइबर थाना के अधिकारी, तकनीकी टीम और पुलिस बल शामिल थे। टीम ने मामले की तकनीकी जांच की और सूचना के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. फुलहसन, जो दरभंगा जिले के बिरौल थाना क्षेत्र का रहने वाला है, और संजय कुमार सिंह उर्फ रिटू सिंह, जो भोजपुर जिले के पीरो थाना क्षेत्र का निवासी है, के रूप में हुई है। पुलिस ने इन्हें अलग-अलग जगहों से पकड़ा।
पुलिस को गिरफ्तारी में क्या मिला?
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से तीन लैपटॉप, एक आईरिस मशीन, तीन क्लोन किए हुए फिंगरप्रिंट और एक बायोमैट्रिक फिंगरप्रिंट मशीन बरामद की है। इन उपकरणों का इस्तेमाल आधार सिस्टम को धोखा देकर अवैध काम करने में किया जा रहा था। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी आधार सिस्टम के सुरक्षा नियमों को तोड़कर लोगों के आधार कार्ड बना रहे थे और उनमें गलत तरीके से बदलाव कर रहे थे। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
भोजपुर से आशीष की रिपोर्ट