Bihar News : भोजपुर में साइबर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, फर्जी बैंक खाते से फ्रॉड करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार, एटीएम और पासबुक किया बरामद

Bihar News : भोजपुर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर फ्रॉड में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में साइबर पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, फर्
साइबर अपराधी गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। साइबर थाना पुलिस ने त्वरित और गुप्त कार्रवाई करते हुए बैंक खातों का दुरुपयोग कर वित्तीय ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस मुस्तैदी से क्षेत्र में सक्रिय साइबर अपराधियों के नेटवर्क पर करारा प्रहार हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आरा मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मखदुमपुर डुमरा गांव निवासी श्याम नारायण यादव के पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी प्रकाश फर्जी तरीकों से बैंक खाते खुलवाता था। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड के जरिए अवैध कमाई को मंगाने और फिर पैसों की निकासी  करने के लिए किया जाता था।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से संदिग्ध बैंक खातों से जुड़े कई पासबुक और एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। प्रारंभिक पूछताछ और पुलिस अनुसंधान में साइबर फ्रॉड की रकम को इन खातों के जरिए घुमाने और ट्रांसफर करने के पुख्ता सबूत मिले हैं। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन से लोग शामिल हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर पुलिस ने पूरे साइबर नेटवर्क और इसके मास्टरमाइंड की धरपकड़ के लिए अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस टीम गिरफ्तार आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि इस गिरोह के अन्य ठिकानों और खातों के माध्यम से हुए लेनदेन की पूरी जानकारी जुटाई जा सके। इस कार्रवाई के साथ ही भोजपुर पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति अपने बैंक खाते, एटीएम या पासबुक किसी अन्य को किराए पर या इस्तेमाल के लिए न दे। खाते के दुरुपयोग की स्थिति में खाताधारक भी कानूनी रूप से जिम्मेदार होगा और उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट