भोजपुर पुलिस का 'सुपरफास्ट' एक्शन:पिस्टल की नोक पर लूटे थे 28 हजार, महज 2 घंटे में 3 बदमाश गिरफ्तार!

Bhojpur Police News: भोजपुर के गजराजगंज में NH-922 पर चंदन कुमार से पिस्टल की नोक पर 28 हजार की ऑनलाइन लूट। पुलिस ने 2 घंटे में 3 अपराधियों को हथियार के साथ दबोचा

Bhojpur Police Success
पिस्टल की नोक पर मारपीट और जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर काण्ड का 2 घंटे उद्भेदन - फोटो : Reporter

भोजपुर जिले की पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है, जहां गजराजगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कारीसाथ के समीप एनएच-922 (NH-922) पर हुई लूट की वारदात का महज कुछ ही घंटों के भीतर खुलासा कर दिया गया। शनिवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लेते हुए वारदात में शामिल तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही, अपराधियों द्वारा जबरन कराए गए 28 हजार रुपये के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन की भी पुष्टि हो गई है।


पिस्टल की नोक पर मारपीट और जबरन ऑनलाइन ट्रांसफर

घटना के संबंध में बताया गया है कि शनिवार सुबह करीब 11:45 बजे बिलौटी गांव निवासी चंदन कुमार आरा से अपनी बाइक द्वारा घर लौट रहे थे। इसी दौरान कारीसाथ छोटी पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर चंदन कुमार को पुल के नीचे ले जाकर उनके साथ मारपीट की और फिर मोबाइल के माध्यम से जबरन 28 हजार रुपये अपने खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए थे।

विशेष टीम का गठन और छापेमारी में दबोचे गए अपराधी

सदर डीएसपी-1 (DySP-1) राजकुमार साह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित द्वारा गजराजगंज ओपी में सूचना दिए जाने के तुरंत बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मानवीय इनपुट के आधार पर तत्काल छापेमारी शुरू की और कारीसाथ गांव से ही तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान ऋतिक कुमार, सत्यम सिंह और आकाश कुमार उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है, जो सभी कारीसाथ के ही रहने वाले हैं। जांच में पुष्टि हुई कि लूटी गई राशि आरोपी आकाश यादव उर्फ बिट्टू के खाते में ट्रांसफर की गई थी।

अपराधियों ने कुबूला जुर्म, पुलिस टीम की हुई सराहना

पुलिस की कड़ी पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने आते ही गिरफ्तार तीनों अपराधियों ने अपना गुनाह पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की तलाश में जुटी है। इस त्वरित और सफल ऑपरेशन में गजराजगंज ओपी अध्यक्ष चंचल कुमार महथा सहित उनकी पूरी टीम और सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही। भोजपुर पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है, जिससे क्षेत्र के आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।