Bihar News : भोजपुर पुलिस ने अवैध बालू परिवहन और फर्जी नंबर प्लेट वाले 5 ट्रेलर किया जब्त, यूपी के 3 चालकों को किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर पुलिस ने अवैध बालू परिवहन और वाहनों के नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने वाले माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. इसी कड़ी में पुलिस ने कुल 5 ट्रेलरों को जब्त किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर पुलिस ने अवैध बालू परिवहन और फर्जी नंबर
अवैध बालू कारोबार पर शिकंजा - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर पुलिस ने अवैध बालू परिवहन और वाहनों के नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ करने वाले माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है. कोईलवर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-बबुरा रोड पर स्थित झलकुनगर मोड़ चेक पोस्ट के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 5 ट्रेलरों को जब्त किया है. इस दौरान पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के रहने वाले 3 चालकों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है.

गश्ती दल को चकमा देकर भागने की कोशिश

पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर की शाम चेकिंग के दौरान जमालपुर में मोटरसाइकिल गश्ती दल को गुप्त सूचना मिली थी. सूचना थी कि बालू लदे 3-4 खाली ट्रेलर तेज रफ्तार और लापरवाही से ओवरटेक करते हुए झलकुनगर की ओर बढ़ रहे हैं. जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो चालकों ने पुलिसकर्मियों को धक्का देकर भागने की कोशिश की.

बैरिकेडिंग कर पकड़े गए वाहन, फर्जी नंबर प्लेट का हुआ भंडाफोड़

घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-02 के नेतृत्व में झलकुनगर मोड़ पर आनन-फानन में बैरिकेडिंग की गई. पुलिस बल की मदद से 3 ट्रेलरों को मौके पर ही घेरकर पकड़ा गया. इसके बाद गहन जांच के दौरान दो अन्य ट्रेलर भी पुलिस की गिरफ्त में आए, जिन पर से पुराना रजिस्ट्रेशन नंबर हटाकर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध परिवहन का खेल खेला जा रहा था.

नंबर प्लेट पर पोती थी कालिख, चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़

जांच प्रक्रिया में पुलिस को कई चौंकाने वाली जानकारियां मिलीं. जब्त ट्रेलरों के आगे-पीछे लगे नंबर प्लेट या तो गायब थे या उन पर कालिख पोतकर टेंपरिंग की गई थी. इतना ही नहीं, पुलिस को ट्रेलर की बॉडी पर दर्ज चेसिस और रजिस्ट्रेशन संबंधी नंबरों को भी केमिकल या घिसाई के जरिए मिटाने और छेड़छाड़ करने के पुख्ता प्रमाण मिले हैं.

यूपी के तीन आरोपी गिरफ्तार, दो अलग-अलग कांड दर्ज

मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों चालकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बलिया निवासी मोहित यादव (29 वर्ष) तथा देवरिया निवासी संजय कुमार (50 वर्ष) एवं संदीप यादव (28 वर्ष) के रूप में हुई है. पुलिस ने इस संबंध में कोईलवर थाने में कांड संख्या 207/26 और 208/26 दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा.

आशीष की रिपोर्ट