Bihar Crime : भोजपुर में बकाया रूपये के विवाद में हुई थी छात्र प्रीतम की हत्या, पुलिस ने दो दोस्तों को चाकू और खून सने कपड़ों के साथ किया गिरफ्तार

Bihar Crime : भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र अंतर्गत मसाढ़ गांव में हुई छात्र प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज की सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है......पढ़िए आगे

Bihar Crime : भोजपुर में बकाया रूपये के विवाद में हुई थी छात
प्रीतम हत्याकांड का खुलासा - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी क्षेत्र के मसाढ़ गांव निवासी इंटर के छात्र प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा दी है। 44 हजार रुपए के विवाद में गांव के ही दो लड़कों ने पत्थर और चाकू से उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस द्वारा दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू और पत्थर भी बरामद कर लिया गया है। घटना के समय अपराधियों द्वारा पहने गये खून लगे कपड़े भी जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार अपराधियों में मसाढ़ गांव निवासी पिंटू सिंह के पुत्र अंशु कुमार और स्व. रिंकू सुधन सिंह के पुत्र भोलू कुमार सिंह शामिल हैं। पूछताछ में दोनों ने पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल कर लिया है। तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के जरिए पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में सफल रही। सदर एसडीपीओ वन राज कुमार साह ने प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई की शाम घर से सामान खरीदने निकले छात्र प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज की चाकू मारकर हत्या कर दी गयी थी। उसका का शव रात गांव स्थित महादलित बस्ती से बरामद किया गया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक राज की ओर से थानाध्यक्ष चंचल कुमार महथा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी थी। तकनीकी मदद के लिए डीआईयू की भी मदद ली जा रही है। टीम ने वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के जरिए हत्या का सफल उद्भेदन करते हुए अंशु कुमार और भोलू कुमार सिंह को गिरफ्तार किया गया। अनुसंधान और दोनों अपराधियों से पूछताछ के अनुसार तीनों एक साथ काम करते थे। प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज का 44 हजार रुपए अंशु और भोलू के पास था। उसे लेकर प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज दोनों पर दबाव बना रहा था। उसी विवाद में रेकी करने के बाद दोनों ने 17 जुलाई की शाम प्रीतम कुमार सिंह को पकड़ लिया। उसके बाद पहले पत्थर से उसे कुच दिया गया और फिर चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी गई थी। एसडीपीओ ने बताया कि हत्या में अंशु और भोलू ही नामजद थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में इस्तेमाल पत्थर और चाकू सहित अन्य सामान बरामद कर लिया गया है। अब इस मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल करते हुए अभियुक्तों को सजा दिलाने को लेकर स्पीडी ट्रायल के तहत कोर्ट को प्रस्ताव भेजा जाएगा। बता दें कि 17 जुलाई की शाम सामान खरीद निकले मसाढ़ गांव निवासी मिथिलेश सिंह का 18 वर्षीय पुत्र प्रीतम कुमार सिंह उर्फ प्रीतम राज की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी।

वहीँ भोजपुर पुलिस ने चरपोखरी थाना कांड संख्या 146/26 में दर्ज अंजू कुमारी हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए मुख्य अभियुक्त सिंधु यादव उर्फ मंजीत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका अंजू कुमारी झारखंड की रहने वाली थीं। परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए आवेदन में आरोप लगाया गया था कि सिंधु यादव उन्हें अपने साथ ले गया था, जिसके बाद उनकी हत्या कर दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भोजपुर पुलिस ने वैज्ञानिक एवं तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सिंधु यादव उर्फ मंजीत कुमार, पिता योगेंद्र सिंह, निवासी पररिया, थाना चरपोखरी, जिला भोजपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त से गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है और विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल भोजपुर पुलिस इस हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। 

आशीष की रिपोर्ट