घर में गूंजी थी किलकारी, रास्ते में बिछ गईं लाशें, सास-दामाद की दर्दनाक मौत... आरा में बालू लदे ट्रक ने छीनी दोनों की जिंदगी
परिजनों के अनुसार, कमलावती देवी की बहू ने आरा के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। इसी खुशी में सास और दामाद अपाचे बाइक से नवजात और बहू को देखने आरा जा रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया
Bihar News : भोजपुर जिले में सड़क हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर बालू लदे ट्रकों की चपेट में आकर चार लोगों की जान जा चुकी है। चरपोखरी थाना क्षेत्र में पति-पत्नी की मौत के बाद अब संदेश थाना क्षेत्र में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बालू लदे ट्रक ने बाइक सवार सास और दामाद को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
यह हादसा संदेश थाना क्षेत्र के नसरतपुर गांव मोड़ के समीप नासरीगंज-सकड्डी मुख्य सड़क पर हुआ। सूचना मिलते ही संदेश थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतकों की पहचान इमादपुर थाना क्षेत्र के दनवार बिहटा के समीप पोटिया गांव निवासी फुलेंद्र कुमार और संदेश थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी कमलावती देवी के रूप में हुई है। कमलावती देवी रिश्ते में फुलेंद्र कुमार की सास थीं।
परिजनों के अनुसार, कमलावती देवी की बहू ने आरा के एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। इसी खुशी में सास और दामाद अपाचे बाइक से नवजात और बहू को देखने आरा जा रहे थे। रास्ते में नसरतपुर मोड़ के पास तेज रफ्तार बालू लदे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने नासरीगंज-सकड्डी मुख्य सड़क को जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों का आरोप था कि बालू लदे ट्रकों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
आशीष की रिपोर्ट