Bhojpur woman death: भोजपुर में रील्स बनाने वाली महिला की मौत! पुलिस खंगाल रही मौत की वजह
Bhojpur woman death: भोजपुर में भोजपुरी गानों पर रील्स बनाने वाली 35 वर्षीय सरिता देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानें घटना, परिवार का बयान और पुलिस जांच में अब तक क्या सामने आया।
Bhojpur woman death: सोशल मीडिया पर भोजपुरी गीतों पर रील्स बनाकर अपनी अलग पहचान बनाने वाली भोजपुर की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। मृतका की पहचान अगिआंव बाजार थाना क्षेत्र के बंधौर नारायणपुर गांव निवासी उमेश शर्मा की पत्नी सरिता देवी (35) के रूप में हुई है। वह पिछले कई वर्षों से सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर करीब 22 हजार फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं।
घटना नवादा थाना क्षेत्र के अनाईठ मोहल्ले की बताई जा रही है, जहां सरिता अपने परिवार के साथ रहती थीं। रविवार की रात तक घर में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था। परिवार के अनुसार, वह दिन में अपनी टीम के साथ आरा के रमना मैदान गई थीं, जहां उन्होंने वीडियो भी बनाया था। देर शाम करीब आठ बजे वह घर लौटीं और परिवार के सदस्यों तथा बच्चों से सामान्य बातचीत की।
रील्स बनाने का था शौक, भोजपुरी गीतों पर बनाती थीं वीडियो
सरिता के पति उमेश शर्मा के अनुसार, उनकी पत्नी पिछले करीब पांच वर्षों से सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं। शुरुआत में रील्स बनाने का शौक था, लेकिन धीरे-धीरे उनके वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रिया और फॉलोअर्स बढ़ने लगे। वह भोजपुरी गीतों पर रील्स बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करती थीं।
पति ने बताया कि सरिता गृहिणी थीं, लेकिन सोशल मीडिया उनके लिए पसंद का माध्यम बन गया था। कई बार वह परिवार के सदस्यों के साथ भी वीडियो बनाती थीं। पति के मुताबिक, हाल के दिनों में भी वह सामान्य तरीके से अपनी सोशल मीडिया गतिविधियां कर रही थीं।
रविवार को भी बनाई थी वीडियो
परिवार के अनुसार, रविवार को आरा के रमना मैदान में काफी भीड़ थी। सरिता अपनी टीम के साथ वहां वीडियो बनाने गई थीं। वहां उन्होंने कुछ रील्स तैयार कीं और इसके बाद रात करीब आठ बजे घर लौट आईं। घर आने के बाद बच्चों और परिवार के साथ बातचीत भी हुई। रात करीब दस बजे तक उनके सामान्य व्यवहार की बात परिवार की ओर से कही गई है। इसके बाद वह अपने कमरे में चली गईं। परिवार के अनुसार, कुछ समय बाद वह फोन पर किसी से बातचीत कर रही थीं और फिर सोने की बात कहकर कमरे में चली गईं।
रात करीब तीन बजे खुला मामला
परिवार के मुताबिक, रात करीब तीन बजे उमेश की नींद खुली। जब उन्होंने दूसरे कमरे में जाकर देखा तो सरिता गंभीर हालत में मिलीं। इसके बाद घर में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस की ओर से प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों को लेकर जांच जारी है।
घर में किसी तरह का विवाद नहीं था-पति
सरिता के पति उमेश शर्मा ने बताया कि उनकी शादी वर्ष 2008 में हुई थी और उनके दो बेटे हैं। उन्होंने दावा किया कि परिवार में किसी तरह का विवाद नहीं था और घटना से पहले भी पत्नी से सामान्य बातचीत हुई थी। उमेश के अनुसार, सरिता सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने को लेकर काफी उत्साहित रहती थीं। उनके कई वीडियो को अच्छी प्रतिक्रिया मिलती थी और फॉलोअर्स बढ़ने से वह खुश भी होती थीं। परिवार के लिए अचानक हुई यह घटना इसलिए भी चौंकाने वाली है क्योंकि कुछ घंटे पहले तक वह सामान्य रूप से परिवार और अपने काम में व्यस्त थीं।
सोशल मीडिया अकाउंट और मोबाइल की जांच करेगी पुलिस
नवादा थानाध्यक्ष विपिन बिहारी के अनुसार, डायल-112 की पुलिस टीम को महिला की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। मृतका का मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन मौत के कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी। पुलिस परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज कर रही है और मोबाइल फोन तथा सोशल मीडिया गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।
रिपोर्टर आशीष कुमार भोजपुर आरा