भोजपुरी गायक राकेश मिश्रा ने भरत तिवारी के परिजनों से की मुलाकात, एनकाउंटर दोषियों पर कार्रवाई की मांग
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की 17 जून को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौत हो गई थी।
Bihar News : भोजपुरी फिल्म एवं संगीत जगत के चर्चित गायक राकेश मिश्रा ने भोजपुर जिले के बिलौटी गांव पहुंचकर पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोकाकुल परिवार को सांत्वना देते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भरत तिवारी समाज के शोषित, वंचित और बाढ़ प्रभावित लोगों की आवाज बुलंद करते थे तथा स्थानीय समस्याओं को लगातार उठाते रहे थे।
राकेश मिश्रा ने कहा कि भरत तिवारी की मौत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें गोली मार दी। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। कलाकार के गांव पहुंचने से पीड़ित परिवार को भावनात्मक संबल मिला, वहीं ग्रामीणों ने भी उनके इस कदम की सराहना की।
क्या है भरत तिवारी प्रकरण?
भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव निवासी भरत भूषण तिवारी की 17 जून को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान भरत तिवारी ने बंदूक दिखाई थी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई। वहीं परिजनों, ग्रामीणों और कई सामाजिक संगठनों का आरोप है कि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण कर दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्हें गोली मार दी गई। इस घटना के बाद पूरे बिहार में विरोध-प्रदर्शन हुए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई।
न्यायिक जांच के आदेश
मामले को लेकर बढ़ते विवाद और जनदबाव के बीच बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी प्रकरण की न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। सरकार ने कहा है कि एक सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की निगरानी में पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराई जाएगी, ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
रिपोर्ट: आशीष कुमार, भोजपुर (आरा)