Bihar murder: 'तुम्हारी बहन जिंदा नहीं जाएगी', मायके आने से पहले महिला की हत्या, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
Bihar murder: बिहार के बक्सर की नवविवाहिता संजू कुमारी की संदिग्ध मौत के बाद परिवार ने ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
Bihar murder: बिहार के बक्सर जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक नवविवाहिता की शादी के कुछ ही दिनों बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने और सबूत मिटाने के लिए शव को जल्दबाजी में जलाने का आरोप लगाया है। मामला भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के पिलापुर गांव का है। मृतका की पहचान 23 वर्षीय संजू कुमारी के रूप में हुई है। उसकी शादी 7 मई 2025 को बक्सर जिले के सोनबरसा थाना क्षेत्र के इकील गांव निवासी शिवम पाल की बहन के रूप में पिलापुर गांव के विनोद पाल से हुई थी।
मृतका के भाई शिवम पाल ने बताया कि शादी वाले दिन ही दूल्हा सोने की चेन की मांग करने लगा था। परिवार ने कहा था कि बाद में चेन दे दी जाएगी, लेकिन इसी बात को लेकर लगातार विवाद होता रहा। शिवम के मुताबिक 13 मई को संजू पहली बार मायके आने वाली थी। पिछले दो दिनों से परिवार उसकी विदाई को लेकर ससुराल वालों से बात कर रहा था। 11 मई की रात जब वह अपने बहनोई विनोद पाल से फोन पर बात कर रहा था, तभी विवाद हो गया।
लड़की वालों ने क्या लगाया आरोप?
शिवम ने आरोप लगाया कि उसी दौरान उसकी बहन की सास ने कहा, “इस घर से तुम्हारी बहन जिंदा नहीं जाएगी, अब उसकी लाश ही निकलेगी।” उसने यह भी दावा किया कि फोन पर बात करते समय उसे पीछे से अपनी बहन की चीखने की आवाज सुनाई दी थी। कुछ देर बाद फोन कट गया। परिवार का आरोप है कि उसी रात संजू की गला दबाकर हत्या कर दी गई और बाद में शव को चोरी-छिपे जला दिया गया। घटना की जानकारी गांव के कुछ लोगों ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने शिवम को फोन कर सूचना दी। 12 मई को जब शिवम अपनी बहन के ससुराल पहुंचा तो वह सीधे श्मशान घाट गया। उसने बताया कि चिता लगभग पूरी तरह जल चुकी थी और सिर्फ कुछ अवशेष ही बचे थे। इसके बाद जब वह बहन के घर पहुंचा तो वहां ताला बंद मिला। आरोप है कि पति विनोद पाल समेत पूरा परिवार फरार हो गया था।
मृतका की मां ने क्या कहा?
शिवम ने बताया कि शादी में परिवार ने अपनी क्षमता से बढ़कर दहेज दिया था। करीब 4 लाख रुपये नकद, एक बाइक, फ्रिज, कुकर, बर्तन और सोने-चांदी के गहने दिए गए थे। लेकिन सोने की चेन नहीं दी जा सकी थी। परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही संजू को प्रताड़ित किया जा रहा था। उसे मायके वालों से बात तक नहीं करने दी जाती थी। चोरी-छिपे फोन करने पर भी मारपीट की जाती थी। सास, ससुर और अन्य परिवार के लोग उसे लगातार ताने देते थे। मृतका की मां रिंकू देवी ने कहा कि उनकी इकलौती बेटी को इंसाफ मिलना चाहिए और दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या में पति, सास, ससुर, ननद और देवर सभी शामिल हैं।
एफएसएल टीम मौके पर पहुंची
रिंकू देवी ने बताया कि पति के न रहने के बाद उन्होंने संघर्ष करके अपनी बेटी को पाला था। संजू पढ़ाई में अच्छी थी और आगे सरकारी नौकरी करना चाहती थी। आर्थिक तंगी के कारण वह अपने मामा के घर रहकर पढ़ाई करती थी और उसने आर्ट्स से ग्रेजुएशन तक की पढ़ाई पूरी की थी। घटना की सूचना मिलने के बाद एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और चिता स्थल से कई सबूत जुटाए। जगदीशपुर थाना अध्यक्ष सुशांत कुमार मंडल ने बताया कि मृतका के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इस मामले में पति विनोद पाल, ससुर भिखी पाल, सास सुमित्रा देवी, देवर प्रमोद कुमार और ननद किरण कुमारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस ने आरोपी सास को गिरफ्तार कर लिया
पुलिस ने आरोपी सास सुमित्रा देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने कहा कि सोने की चेन को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद संजू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि परिवार ने बिना सूचना दिए शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर दिया, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि बहुत कम समय में शव को जला दिया गया ताकि कोई सबूत न बच सके। फिलहाल पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।