'बिहार में हत्या होते रहती है, क्या कीजिएगा', मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा के बिगड़े बोल...

गवान सिंह कुशवाहा दिवंगत रामकुमार सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान हत्या की घटनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में हत्याएं होती रहती हैं। उनके इस बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।

Bhagwan Singh Kushwaha Controversy
Bhagwan Singh Kushwaha Controversy- फोटो : news4nation

Bihar News :  बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच राज्य सरकार के मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का शनिवार को एक अजीबोगरीब बयान चर्चा में आ गया है। क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत रामकुमार सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे मंत्री ने हत्या की घटनाओं को लेकर ऐसा बयान दिया, जिस पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा, “बिहार में हत्या होते रहती है, हत्या तो होगा, क्या कीजिएगा। हत्याएं होते रहती हैं।” 


क्या कीजिएगा, हत्याएं होती रहती हैं

भगवान सिंह कुशवाहा दिवंगत रामकुमार सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान हत्या की घटनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में हत्याएं होती रहती हैं। उनके इस बयान को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। राज्य में अपराध और कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष की ओर से लगातार सवाल उठाए जाने के बीच मंत्री की यह टिप्पणी सामने आई है। हालांकि, मंत्री ने कार्रवाई का भरोसा भी दिया। उन्होंने कहा, “कार्रवाई ऐसी होगी कि कोई सोचा नहीं होगा। किसी को चिंतित होने की जरूरत नहीं है।” उन्होंने बताया कि इस मामले में उन्होंने एसपी से लेकर जोनल आईजी तक से बात की है। मंत्री ने यह भी कहा कि अपराध की घटनाओं में चूक होते रहती है।


अपराधियों ने गोलियों से भूना

क्षत्रिय कल्याण संगठन के प्रदेश अध्यक्ष रामकुमार सिंह की गुरुवार सुबह आरा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात शहर के नवादा थाना क्षेत्र में महाराजा हाता-स्टेशन रोड स्थित जैन कॉलेज के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, करीब 70 वर्षीय रामकुमार सिंह सुबह घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। स्थानीय लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


शरीर पर मिले गोलियों के कई निशान

घटनास्थल से पांच से छह खोखे मिलने की जानकारी सामने आई थी। वहीं, रामकुमार सिंह के शरीर पर सात से आठ जगह गोलियों के निशान पाए जाने की बात कही गई है। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। रामकुमार सिंह की हत्या के बाद उनके परिजनों और संगठन के लोगों में शोक का माहौल है। ऐसे समय में मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा का यह बयान सामने आया है, जिसमें उन्होंने एक ओर हत्या की घटनाओं को लेकर ‘होते रहती हैं’ कहा, तो दूसरी ओर कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।


कानून-व्यवस्था पर सवालों के बीच बयान चर्चा में

बिहार में आपराधिक घटनाओं को लेकर कानून-व्यवस्था पर राजनीतिक बहस के बीच मंत्री की टिप्पणी ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। पीड़ित परिवार से मुलाकात के दौरान हत्या जैसी गंभीर घटना पर इस तरह की प्रतिक्रिया को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब देखना होगा कि रामकुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है और आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई होती है।