भरत तिवारी के परिजनों से मिले लोजपा नेता हुलास पांडेय, कहा– आत्मसमर्पण के बाद हत्या करना पुलिस की बड़ी गलती, दिलाएंगे न्याय

भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जन आक्रोश थमने का नाम नही ले रहा। आज लोजपा नेता हुलास पांडेय ने उनके परिजनों से मुलाकात की और कहा कि आत्मसमर्पण के बाद एनकाउंटर करना पुलिस की बड़ी गलती, दिलाएंगे न्याय

भरत तिवारी के परिजनों से मिले लोजपा नेता हुलास पांडेय, कहा–
भरत तिवारी के परिजनों से मिले लोजपा नेता हुलास पांडेय- फोटो : आशीष श्रीवास्तव

Arrah : भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत तिवारी के परिजनों से मिलने लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) संसदीय बोर्ड के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय उनके पैतृक आवास पहुंचे। इस दौरान हुलास पांडेय ने मृतक के माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और लोजपा की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।


'हथियार फेंकने के बाद मारी गोलीयह हत्या है' 

परिजनों से बातचीत के बाद हुलास पांडेय ने पुलिसिया कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने सीधे तौर पर पुलिस को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि भरत तिवारी के साथ सरासर नाइंसाफी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि भरत द्वारा आत्मसमर्पण करने और हथियार फेंक देने के बाद पुलिस ने उसे गोली मारी है। आत्मसमर्पण के बाद इस तरह गोली मारना कहीं से भी उचित नहीं है, यह सीधे तौर पर पुलिस की बड़ी गलती और हत्या का मामला है।


न्यायिक कमेटी की जांच पर जताया भरोसा 

पूर्व एमएलसी ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए कहा कि वे बिल्कुल भी चिंतित न हों, क्योंकि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए न्यायिक कमेटी का गठन कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि लोजपा (रामविलास) इस संकट की घड़ी में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। इस कांड में शामिल सभी दोषी पुलिसकर्मियों को जब तक सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनकी पार्टी न्याय की यह लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।


सियासी बयानों पर हुलास पांडेय का पलटवार 

दौरे के दौरान पत्रकारों द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि के बयानों को लेकर पूछे गए सवाल पर हुलास पांडेय ने तीखा तंज कसा। उन्होंने कहा कि नागमणि का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वहीं, सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए लोजपा नेता ने संक्षिप्त रूप से कहा कि आप लोग अभी उन्हें (मांझी को) अच्छी तरह से नहीं जानते हैं।


हर मोड़ पर साथ खड़ी रहेगी लोजपा 

हुलास पांडेय ने स्पष्ट लफ्जों में कहा कि वे भरत तिवारी के परिवार के दुख को बांटने आए हैं। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि कानूनी प्रक्रिया से लेकर आंदोलन के धरातल तक, जहां भी परिवार को उनकी या पार्टी की आवश्यकता पड़ेगी, हुलास पांडेय और लोजपा (रामविलास) का एक-एक कार्यकर्ता उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा।

आशीष की रिपोर्ट