Bihar News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का आरा में भव्य स्वागत, कार्यकर्ताओं ने लड्डू से तौला

Bihar News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का कार्यकर्ताओं ने आरा में भव्य स्वागत किया. उन्होंने जमकर नारेबाजी की. साथ उन्हें लड्डू से तौल दिया.....पढ़िए आगे

Bihar News : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी का आरा में भव्
संजय सरावगी का स्वागत - फोटो : SOCIAL MEDIA

ARA : बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अपने अभिनंदन समारोह में शामिल होने के लिए वीर कुंवर सिंह की धरती आरा पहुंचे। धोबी घटवा मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और उत्साहपूर्ण स्वागत किया। इसके पश्चात, प्रदेश अध्यक्ष ने देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

संजय सरावगी ने अपने दौरे के दौरान सामाजिक समरसता का संदेश देते हुए एक महादलित टोले का रुख किया। वहां उन्होंने दलित परिवार के साथ बैठकर बेहद सादगी से चाय पी और उनसे संवाद किया। कार्यकर्ताओं के उत्साह का आलम यह था कि वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपने नेता को लड्डुओं से तौला और जमकर नारेबाजी की।

कार्यकर्ताओं के इस अभूतपूर्व स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने आरा की ऐतिहासिक धरती और माता आरण्य देवी को नमन किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता द्वारा मिले प्रचंड बहुमत के बाद नई सरकार का गठन हो चुका है। अब वह राज्य के हर जिले में जाकर उन कार्यकर्ताओं का अभिनंदन कर रहे हैं और उनसे सीधा संवाद कर रहे हैं जिनकी मेहनत से यह जीत संभव हुई है।

इस दौरान संजय सरावगी ने पार्टी की विचारधारा पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो साधारण कार्यकर्ताओं को सम्मान देती है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि आज एक 45 वर्षीय युवा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो किसी अन्य दल में संभव नहीं है। उन्होंने भाजपा को 'कार्यकर्ताओं की पार्टी' बताते हुए आंतरिक लोकतंत्र की सराहना की।

विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी यादव पर तीखा कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं ने केवल बिहार की जनता को लूटने का काम किया है। उनके परिवार पर अदालती टिप्पणियों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि वह पार्टी कभी परिवारवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। सरावगी ने स्पष्ट किया कि जहां अन्य दल परिवार के इर्द-गिर्द सिमटे हैं, वहीं भाजपा में कार्यकर्ताओं का सम्मान सर्वोपरि है।

आशीष की रिपोर्ट