Bihar News : भोजपुर में बिजली का टूटा तार बना काल, बिचड़ा डाल रहे देवर को बचाने गई भाभी, करंट की चपेट में आने से दोनों की दर्दनाक मौत
Bihar News : भोजपुर जिले में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से देवर और भाभी की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.....पढ़िए आगे
ARA : बिहार के भोजपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहाँ हाईटेंशन तार की चपेट में आने से देवर और भाभी की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुलौर डीह और बहुआरा बाधार के बीच स्थित खेत में गुरुवार को घटी। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और गाँव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के अनुसार, मुंगौल गाँव निवासी 23 वर्षीय साहुल कुमार, पिता हरवंश यादव खेत में धान का बिचड़ा डाल रहे थे। काम करने के दौरान ही खेत में पहले से टूटा पड़ा हाईटेंशन बिजली का तार अचानक उनकी चपेट में आ गया। बिजली का जोर का झटका लगते ही वह बुरी तरह झुलसने लगे और तड़पने लगे।
इसी बीच, उसी रास्ते से गुजर रहीं गाँव की 46 वर्षीया महिला बसंती कुंवर, पति स्वर्गीय वीर बहादुर सिंह ने जब साहुल को तड़पते देखा, तो वह उन्हें बचाने के लिए बिना सोचे-समझे दौड़ पड़ीं। हालाँकि, अफरा-तफरी में वह भी उस टूटकर गिरे हाईटेंशन तार के संपर्क में आ गईं। करंट का प्रभाव इतना तेज था कि दोनों ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है। मृतक साहुल कुमार की शादी महज छह महीने पहले पूजा कुमारी से हुई थी और वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। वहीं, मृतका बसंती कुंवर के सिर से पति का साया पहले ही उठ चुका था और अब उनके निधन से उनके 14 वर्षीय पुत्र अंकित और 9 वर्षीया पुत्री लखा अनाथ हो गए हैं। गाँव के रिश्ते में साहुल और बसंती देवर-भाभी लगते थे।
घटना की खबर मिलते ही स्थानीय जगदीशपुर थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लिया और कागजी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है, वहीं बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश और शोक की लहर है।
आशीष की रिपोर्ट