Bihar Crime : बच्चों के विवाद में खूनी खेल ! आरा में बीच-बचाव करने गई महिला को अपराधियों ने मारी गोली, इलाके में मचा हड़कंप
Bihar Crime : आरा में बच्चों के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. जिसमें बीच बचाव करने गयी महिला को गोली मार दी गयी. इलाज के लिए उसे पटना भेजा गया है......पढ़िए आगे
ARA : बिहार के भोजपुर जिले के आरा शहर से एक बेहद ही सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ बच्चों के बीच खेलने के दौरान शुरू हुआ एक मामूली सा विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। पूरा मामला आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग 'बीवीजान के हाता' मोहल्ले का है। बच्चों के झगड़े ने ऐसा हिंसक रूप अख्तियार किया कि अपराधियों ने एक महिला पर सरेआम गोलियां बरसा दीं, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पेट में लगी गोली, हालत नाजुक
इस हिंसक झड़प के दौरान अपराधियों द्वारा चलाई गई गोली सीधे महिला के पेट में जा लगी। गोली लगते ही महिला लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ी और तड़पने लगी। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से जख्मी महिला को आनन-फानन में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। घायल महिला की पहचान मौलाबाग बीवीजान का हाता निवासी धनजी कुमार की 21 वर्षीया पत्नी सपना देवी के रूप में की गई है।
निजी अस्पताल से पटना के लिए रेफर
गोलीबारी की इस घटना के बाद परिजन जख्मी सपना देवी को लेकर तुरंत शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों की टीम ने महिला का प्राथमिक उपचार किया। हालांकि, पेट में गोली लगने के कारण अत्यधिक खून बह जाने और महिला की हालत चिंताजनक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत पटना रेफर कर दिया। फिलहाल पटना के अस्पताल में महिला जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रही है।
बीच-बचाव करने गई थी पीड़िता
अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी महिला सपना देवी ने बताया कि मोहल्ले में कुछ बच्चे आपस में खेल रहे थे। इसी बीच बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट होने लगी। बच्चों को लड़ता देख सपना देवी एक अभिभावक के नाते मामला शांत कराने और बीच-बचाव करने वहां पहुंची थीं। लेकिन दूसरे पक्ष के लोग इतने उग्र हो गए कि उन्होंने बात सुनने के बजाय उन पर हमला कर दिया और अचानक उन्हें लक्ष्य कर गोली मार दी।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात की सूचना मिलते ही नवादा थानाध्यक्ष बिपिन बिहारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्चों के विवाद में महिला को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
आशीष की रिपोर्ट