Bihar Road Accident: सुबह की सैर बनी आखिरी सफर, अज्ञात वाहन ने दो बुजुर्गों को रौंदा, एक की मौत

Bihar Road Accident: एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। स्कूल के पास टहलने निकले दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी....

Bihar Road Accident: सुबह की सैर बनी आखिरी सफर, अज्ञात वाहन
सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग की मौत- फोटो : आशीष

Bihar Road Accident: भोजपुर जिले के तरारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव के समीप ईटीमाह स्कूल के पास टहलने निकले दो बुजुर्गों को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद 76 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


मृतक की पहचान तरारी थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी 80 वर्षीय राज किशोर सिंह, पिता स्व. सहदेव सिंह के रूप में हुई है। बताया जाता है कि राज किशोर सिंह रोजाना की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान ईटीमाह स्कूल के समीप पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।


हादसे में 76 वर्षीय महावीर सिंह भी जख्मी हुए हैं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।राज किशोर सिंह के निधन की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार में उनकी तीन बेटियां हेवन्ति देवी, देवंती देवी और भागवंती देवी तथा एक पुत्र शम्भू सिंह हैं। उनकी पत्नी मोतीझरी देवी का पहले ही निधन हो चुका है।


घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। साथ ही हादसे के कारणों और वाहन चालक की लापरवाही की भी तफ्तीश की जा रही है। सड़क किनारे हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता है।


आशीष कुमार की रिपोर्ट