Bihar News : भोजपुर के कथित पुलिस एनकाउंटर मामले में फूटा परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा, शाहपुर थाने का किया घेराव

Bihar News : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर आक्रोशित ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों ने अचानक शाहपुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया.....पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर के कथित पुलिस एनकाउंटर मामले में फूटा पर
थाने का घेराव - फोटो : ASHISH

ARA : बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिलौटी गांव में कथित पुलिस एनकाउंटर में मारे गए युवक भरत तिवारी की मौत का मामला अब लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक को न्याय दिलाने और इस मामले में शामिल दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन जारी है। इसी कड़ी में रविवार को सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित ग्रामीणों और प्रदर्शनकारियों ने अचानक शाहपुर थाने का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

भारी संख्या में लोगों के अचानक थाने के भीतर दाखिल होने और नारेबाजी करने से थाना परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मी तुरंत अलर्ट मोड में आ गए। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते हुए भरत तिवारी की मौत के मामले में त्वरित और निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने के साथ-साथ दोषी पुलिसकर्मियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज धवरैया कर रहे थे। थाने पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के समक्ष अपनी मांगों को दृढ़ता से रखा। उनकी मुख्य मांगों में भरत तिवारी मामले की जांच में तेजी लाना, कथित फर्जी एनकाउंटर में शामिल पुलिसकर्मियों को निलंबित कर जेल भेजना और घटना के समय पुलिस द्वारा जब्त किए गए मृतक भरत तिवारी के मोबाइल फोन को अविलंब परिजनों को वापस सौंपना शामिल है।

थाने के घेराव और बढ़ते तनाव को देखते हुए मौके पर मौजूद जगदीशपुर एसडीपीओ और शाहपुर थानाध्यक्ष ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे लोगों और राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के पदाधिकारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम की गहराई से और बिंदुवार जांच की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच पूरी तरह से पारदर्शी होगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर पूरी तरह न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी आक्रोशित लोग काफी देर तक थाना परिसर और उसके आसपास डटे रहे। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक भरत तिवारी की मौत के मामले में दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक उनका यह आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की मुस्तैदी बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।

आशीष की रिपोर्ट