Bihar News : भोजपुर में युवक को गोली मारे जाने पर परिजनों का फूटा गुस्सा, सड़क जाम कर की आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
Bihar News : भोजपुर जिले के गड़हनी में युवक सोनू कुमार को गोली मारे जाने की घटना के बाद बुधवार की सुबह उसके परिजनों और समर्थकों ने सासाराम मुख्य मार्ग को जाम कर दिया......पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के गड़हनी में युवक सोनू कुमार को गोली मारे जाने की घटना के विरोध में बुधवार की सुबह परिजनों और समर्थकों का गुस्सा फूट पड़ा। उग्र ग्रामीणों ने सुबह करीब 8 बजे सासाराम मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लगभग दो घंटे तक चले इस विरोध-प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में आवागमन पूरी तरह से ठप रहा और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
प्रदर्शन कर रहे परिजनों और ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि सोनू कुमार को गोली मारने के नामजद आरोपितों आयुष कुमार, प्रकाश पासवान और धौनी कुमार को अविलंब गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। परिजनों का गंभीर आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद भी सभी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं और पुलिस अब तक उन्हें पकड़ने में नाकाम रही है।
सोनू कुमार के भाई बिट्टू कुमार ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि घटना से पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। उन्होंने तीखा सवाल उठाया कि यदि समय रहते प्रशासन ने पुराने विवाद पर कार्रवाई की होती तो उनके भाई को गोली मारने की नौबत नहीं आती। बिट्टू कुमार ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने की मांग की।
सड़क जाम और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया। गड़हनी थाना प्रभारी रविशंकर कुमार ने परिजनों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि पुलिस की टीमें छापेमारी कर रही हैं तथा अगले 24 घंटे के भीतर सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।
थाना प्रभारी के लिखित व मौखिक आश्वासन के बाद परिजनों ने सुबह 10 बजे सड़क जाम समाप्त किया, जिसके बाद सासाराम मुख्य मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। हालांकि, परिजनों और ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि दिए गए समय सीमा के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
आशीष की रिपोर्ट