Bihar Crime : भोजपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने की बड़ी कार्रवाई, ट्रक पर लोड 15 लाख का विदेशी शराब किया जब्त, दो तस्करों को किया गिरफ्तार
Bihar Crime : भोजपुर में वाहन जांच के क्रम में बक्सर-पटना फोरलेन पर एक छः चक्का ट्रक से भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद किया गया. वहीँ दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया.....पढ़िए आगे
ARA : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को सख्ती से लागू करने के लिए भोजपुर के जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया के आदेश पर मद्यनिषेध विभाग लगातार एक्शन मोड में है। इसी कड़ी में जिले में अवैध शराब के सिंडिकेट के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। मद्यनिषेध विभाग की टीम ने बक्सर-पटना फोरलेन पर जाल बिछाकर उत्तर प्रदेश से आ रहे एक छह चक्का ट्रक को भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब के साथ जब्त किया है। बरामद की गई शराब की इस खेप की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
इस बड़ी कार्रवाई की पृष्ठभूमि मद्यनिषेध विभाग के सहायक आयुक्त रजनीश को मिली एक पुख्ता गुप्त सूचना से तैयार हुई। उन्हें जानकारी मिली थी कि यूपी के रास्ते एक ट्रक के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप बिहार के वैशाली जिले में खपाने के लिए ले जाई जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए सहायक आयुक्त ने तुरंत एक्शन लिया और मद्यनिषेध निरीक्षक प्रकाश चन्द्र के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी व वाहन जांच टीम का गठन किया। टीम ने रणनीतिक रूप से फोरलेन पर घेराबंदी शुरू कर दी।
मद्यनिषेध विभाग की टीम जब बक्सर-पटना फोरलेन पर स्थित रतनपुर यात्री शेड (आरा मुफ्फसिल थाना क्षेत्र) के पास वाहनों की सघन तलाशी ले रही थी, तभी संदिग्ध अवस्था में आ रहे छह चक्का ट्रक को रोका गया। जांच करने पर ट्रक के भीतर छुपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद हुई। टीम ने मौके से ट्रक पर सवार दो धंधेबाजों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के मझौली निवासी निखिल कुमार और राजापाकड़ थाना क्षेत्र के तेलिया निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और मद्यनिषेध विभाग की टीम ने जिस ट्रक को जब्त किया है, उस पर निबंधन संख्या BR06GB-3654 अंकित पाया गया है। ट्रक की सघन तलाशी लेने पर 'ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की' (Officer's choice original whisky) ब्रांड की 180 एमएल (ML) वाली कुल 6,720 पीस बोतलें बरामद की गईं। कुल मिलाकर यह मात्रा 1209.600 लीटर अवैध विदेशी शराब बैठती है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस खेप को उत्तर प्रदेश से लोड कर वैशाली जिले में सप्लाई करने के लिए ले जा रहे थे।
मद्यनिषेध विभाग ने शराब की पूरी खेप और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को पूरी तरह से जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों अंतर-जिला तस्करों के खिलाफ मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विभाग द्वारा की गई शुरुआती कागजी प्रक्रिया और पूछताछ के बाद दोनों अभियुक्तों को आगे की कानूनी और न्यायिक कार्यवाही के लिए माननीय न्यायालय के समक्ष सुपुर्द कर दिया गया है। प्रशासन अब इस रैकेट के मुख्य सरगना की तलाश में जुट गया है।
आशीष की रिपोर्ट