Bihar News : भोजपुर के बड़हरा में गंगा का तांडव, कटाव में विलीन हुए दर्जनों मकान, DM ने लिया स्थिति का जायजा
Bihar News : भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड का बलुआ पंचायत का पीपर पाती गांव में गंगा के कटाव दर्जनों घर आ गए हैं और वह नदी में विलीन हो गए हैं......पढ़िए आगे
ARA : बिहार के भोजपुर (आरा) जिले में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से स्थिति बेकाबू हो गई है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे जिले के कई गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं और उनका संपर्क प्रखंड व जिला मुख्यालय से टूट गया है। सबसे गंभीर स्थिति बड़हरा प्रखंड की बलुआ पंचायत स्थित पीपरपाती गांव की है, जहां गंगा के भीषण कटाव की चपेट में आकर दर्जनों मकान नदी की धार में विलीन हो गए हैं।
कटाव की सूचना मिलते ही भोजपुर के जिला पदाधिकारी (DM) मनेश कुमार मीणा ने प्रभावित पीपरपाती गांव का स्थल निरीक्षण किया। उन्होंने नाव व पैदल घूम-घूमकर बाढ़ और कटाव की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने कटाव रोधी कार्यों को तुरंत तेज करने और प्रभावित गांव को बचाने के लिए जल संसाधन विभाग व संबंधित अधिकारियों को कड़े और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आपदा से प्रभावित ग्रामीणों की मदद के लिए प्रशासनिक स्तर पर राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव में संचालित कम्युनिटी किचन (सामुदायिक रसोई) का भी जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि बाढ़ और कटाव से विस्थापित हुए सभी पीड़ित लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
मीडिया से बातचीत के दौरान डीएम मनेश कुमार मीणा ने बताया कि कटाव पीड़ितों तक हर संभव मदद पहुंचाई जा रही है। उन्होंने गंगा नदी के तटवर्ती और निचले इलाकों में रह रहे लोगों से अपील की है कि वे संभावित खतरे को देखते हुए यथाशीघ्र सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर चले जाएं, ताकि जान-माल के नुकसान से बचा जा सके।
जिला प्रशासन ने स्थिति की निगरानी के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाला जिला नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) स्थापित किया है। इसके माध्यम से जलस्तर के हर पल अपडेट के साथ-साथ राहत व बचाव कार्यों की स्थिति पर सीधी नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों तक सूचनाएं पहुंचाई जा रही हैं।
आशीष की रिपोर्ट