Bihar Crime : भोजपुर में हर्ष फायरिंग का कहर, बीमार भाई की दवा लाने गए युवक को लगी गोली, अस्पताल में चल रहा है इलाज
Bihar Crime : भोजपुर में हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक को गोली लग गयी. इस घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गयी.....पढ़िए आगे
ARA : भोजपुर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बरौली गांव के समीप गुरुवार को हर्ष फायरिंग के दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक की पहचान चांदी थाना क्षेत्र के सलेमपुर (वार्ड नंबर 2) निवासी जीतन सिंह के पुत्र धर्मेंद्र कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद आनन-फानन में उसे आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर उसके पैर से गोली बाहर निकाली है।
बीमार भाई की दवा लेकर लौट रहा था युवक
घायल धर्मेंद्र कुमार ने अस्पताल में बताया कि उसके भाई को तेज बुखार था, जिसकी दवा लेने के लिए वह बाइक से एक अन्य साथी के साथ घर से निकला था। दवा खरीदकर वापस लौटने के दौरान जब वह बरौली के समीप पहुँचा, तभी वहां से गुजर रही एक बारात में कुछ लोग फायरिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक गोली सीधे उसके बाएं पैर के घुटने के नीचे जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा।
बारात में फायरिंग से मची अफरा-तफरी
बारात में अचानक हुई गोलीबारी और युवक को गोली लगने के बाद मौके पर भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। शादी की खुशियां पल भर में दहशत में बदल गईं और लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया। इस घटना ने एक बार फिर शादियों और समारोहों में प्रतिबंधित 'हर्ष फायरिंग' पर प्रशासन की सख्ती और लोगों की लापरवाही को उजागर कर दिया है।
डॉक्टर ने ऑपरेशन कर निकाली गोली
आरा के निजी अस्पताल में भर्ती युवक का इलाज प्रसिद्ध डॉक्टर सूर्यकांत निराला की देखरेख में चल रहा है। डॉक्टर निराला ने बताया कि युवक को बाएं पैर में गोली लगी थी, जिसे सफल ऑपरेशन के बाद निकाल दिया गया है। फिलहाल मरीज की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन उसे ऑब्जर्वेशन में रखा गया है ताकि किसी भी तरह के संक्रमण या अन्य जटिलता को रोका जा सके।
छानबीन में जुटी मुफस्सिल थाना पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुँची और मामले की तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस बारात में शामिल उन लोगों की पहचान करने की कोशिश कर रही है जो अवैध रूप से हथियारों का प्रदर्शन और फायरिंग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बारात के आयोजकों से भी पूछताछ की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
आशीष की रिपोर्ट