Breaking News : भोजपुर में सरेशाम बदमाशों ने गोली मारकर की छात्र की हत्या, इलाके में मचा हड़कंप
Breaking News : भोजपुर जिले के मैनपुरा गांव में रविवार की शाम अपराधियों ने बेखौफ होकर एक कॉलेज छात्र की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी।
ARA : भोजपुर जिले के धोबहा थाना क्षेत्र में रविवार की शाम एक छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात मैनपुरा गांव स्थित काली मंदिर के पास करीब शाम 5:30 बजे हुई। मृतक की पहचान हेमतपुर गांव निवासी स्वर्गीय मुन्ना सिंह के पुत्र सोनू उर्फ सरल के रूप में हुई है। वह बीए पार्ट-1 का छात्र था और अपनी मां का इकलौता संतान एवं सहारा था। बताया जा रहा है कि सोनू किसी काम से मैनपुरा गांव गया था। इसी दौरान काली मंदिर के पास उसे गोली मार दी गई। गोली उसके कान के पास लगी, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी। सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर एसपी को बुलाने की मांग की और पुलिस अधिकारियों के मौके पर पहुंचने तक अपनी मांग पर डटे रहे। सूचना मिलने के बाद धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष वर्षा रानी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। युवक की मौत गोली लगने से हुई है। घटनास्थल पर एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया था, लेकिन जांच के दौरान कोई स्पष्ट साक्ष्य नहीं मिल सका।
वहीं, हेमतपुर गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता मृत्युंजय भारद्वाज ने आरोप लगाया कि मैनपुरा गांव में खुलेआम शराब और अन्य नशीले पदार्थों का कारोबार चलता है। जिस स्थान पर सोनू की हत्या हुई, वहां अक्सर नशेड़ियों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी पुलिस को भी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
मृतक के परिचितों के अनुसार सोनू शांत स्वभाव का युवक था। पिता की मौत के बाद वह अपनी मां का इकलौता सहारा था। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है।
आशीष की रिपोर्ट