Bihar News : भोजपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करों पर कसा शिकंजा, 23 लाख की विदेशी शराब किया जब्त, दो तस्करों को किया गिरफ्तार

Bihar News : भोजपुर उत्पाद विभाग की टीम ने बक्सर-पटना फोरलेन पर दो अलग-अलग जगहों से कुल 1,871 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई......पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में उत्पाद विभाग की टीम ने शराब तस्करों
तस्कर गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। विभाग की टीम ने बक्सर-पटना फोरलेन पर दो स्थानों पर वाहन जांच के दौरान कुल 1,871.400 लीटर विदेशी शराब जब्त करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी भोजपुर मनेश कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 16 सितंबर 2026 को सहायक आयुक्त मद्यनिषेध, भोजपुर को गुप्त सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश से दो वाहनों के जरिए भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक आयुक्त के निर्देश पर निरीक्षक मद्यनिषेध प्रकाश चंद्र के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बक्सर-पटना फोरलेन पर ज्ञानपुर पुल के पास एक चारपहिया टैंकर वाहन को रोककर जांच की। वाहन संख्या BR06GE-8016 से 867.600 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई।

वहीं दूसरी कार्रवाई बक्सर-पटना फोरलेन पर गजराजगंज ओवरब्रिज के पास की गई। यहां वाहन संख्या UP60T-2360 वाले 12 चक्का ट्रक की तलाशी लेने पर 1,003.800 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। दोनों वाहनों से बरामद शराब में ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की, रॉयल स्टैग सुपीरियर व्हिस्की, किंगफिशर बीयर और 8 पीएम स्पेशल व्हिस्की शामिल है। विभाग के अनुसार कुल 7,866 पीस शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 1,871.400 लीटर है। जब्त शराब पर “For Sale in Uttar Pradesh” अंकित पाया गया।

इस मामले में विभाग ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन कुमार, निवासी सोनवर्षा, बक्सर और वेद प्रकाश यादव, निवासी नवादा, थाना नया भोजपुर, बक्सर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की बात विभाग ने कही है। मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और शराब की तस्करी में शामिल लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट