आरा रेल पुलिस का बड़ा एक्शन: ट्रेनों में वैक्यूम कर शराब तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, सरगना समेत 9 गिरफ्तार

Bihar News : आरा रेल पुलिस ने ट्रेनों के माध्यम किए जा रहे शराब तस्करी गिरोह का खुलासा किया है। रेल पुलिस ने इस मामले में गिरोह के सरगना समेत 9 सदस्यों को धर दबोचा है....

आरा रेल पुलिस का बड़ा एक्शन: ट्रेनों में वैक्यूम कर शराब तस्
सरगना समेत 9 शराब तस्कर गिरफ्तार- फोटो : आशिष

Arrah : रेल जिला पटना के अंतर्गत आरा रेल पुलिस ने ट्रेनों में अवैध शराब की तस्करी और यात्रियों के साथ मारपीट करने वाले एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के सरगना सरोज कुमार सहित कुल 9 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विशेष रूप से आरा के जगजीवन हाल्ट के पास ट्रेनों में 'एसीपी' (अलार्म चेन पुलिंग) कर ट्रेनों को रोकता था और अवैध शराब की खेप उतारता था। इस गिरोह की गिरफ्तारी को रेल पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


यात्रियों से मारपीट और पत्थरबाजी ने बढ़ाई थी गंभीरता 

इस गिरोह की सक्रियता तब और चुनौतीपूर्ण हो गई जब 28 अप्रैल 2026 को जगजीवन हाल्ट पर शराब उतारने के दौरान अपराधियों ने विरोध करने वाले कुछ यात्रियों के साथ मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया। तस्करों ने ट्रेन पर पत्थरबाजी भी की, जिससे रेल यात्रियों में दहशत फैल गई थी। इस संबंध में पीड़ित यात्री जय प्रकाश ठाकुर के आवेदन पर रेल थाना आरा में कांड संख्या 112/26 दर्ज किया गया था, जिसमें बीएनएस (BNS) और रेलवे एक्ट की कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं।


स्पेशल टीम ने छापेमारी कर अपराधियों को दबोचा 

मामले की गंभीरता को देखते हुए रेल पुलिस अधीक्षक (SRP) अनंत कुमार राय के निर्देश पर रेल डीएसपी कंचन राज के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में आरपीएफ और रेल पुलिस के अधिकारियों को शामिल किया गया था। तकनीकी अनुसंधान और मानवीय आसूचना के आधार पर टीम ने भोजपुर जिले के विभिन्न इलाकों में लगातार छापेमारी की और गिरोह के मुख्य सरगना सरोज प्रसाद सहित सभी 9 सदस्यों को धर दबोचा।


गिरोह का पुराना आपराधिक इतिहाससरगना सहित पहले भी जा चुके हैं जेल 

पकड़े गए अभियुक्तों ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वे वर्षों से शराब तस्करी के इस धंधे में शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि गिरोह के सरगना सरोज कुमार सहित 5 अभियुक्त पहले से ही नवादा, बक्सर और आरा रेल थाना के कई मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों में अधिकांश भोजपुर जिले के नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ और गोढ़ना रोड के रहने वाले हैं।


रेल जिला में जारी रहेगा अपराधियों के खिलाफ अभियान 

रेल पुलिस अधीक्षक अनंत कुमार राय ने इस सफल कार्रवाई की सराहना करते हुए स्पष्ट किया है कि ट्रेनों में अवैध तस्करी और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि रेल पुलिस उपाधीक्षकों के नेतृत्व में पूरे रेल जिला में इस प्रकार का सघन छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में आरपीएफ इंस्पेक्टर दीपक कुमार, रेल थानाध्यक्ष रंधीर कुमार और डीआईयू शाखा पटना की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


आशिष कुमार की रिपोर्ट