Bihar Politics:जगदीशपुर में पवन सिंह के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब, सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल, पवन-पवन’ के नारों से गूंजा वीरों का किला

Bihar Politics: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और भाजपा समर्थित एमएलसी प्रत्याशी पवन सिंह के जगदीशपुर आगमन ने रविवार को राजनीतिक और सामाजिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया।...

Massive Crowd Welcomes Pawan Singh During Jagdishpur Visit
जगदीशपुर में पवन सिंह के स्वागत में उमड़ा जनसैलाब- फोटो : reporter

Bihar Politics: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित अभिनेता और भाजपा समर्थित एमएलसी प्रत्याशी पवन सिंह के जगदीशपुर आगमन ने रविवार को राजनीतिक और सामाजिक माहौल को पूरी तरह गरमा दिया। ऐतिहासिक नगरी जगदीशपुर में उनके स्वागत के लिए उमड़ी भीड़ ने यह संकेत दे दिया कि उनकी लोकप्रियता अब सिर्फ मनोरंजन जगत तक सीमित नहीं रही, बल्कि सियासत के मैदान में भी उनका प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। भाजपा की ओर से एमएलसी प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद जिले में यह उनका पहला दौरा था, जिसे लेकर समर्थकों और एनडीए कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

जैसे ही पवन सिंह बाबू वीर कुंवर सिंह किला परिसर पहुंचे, पूरा इलाका नारों और जयघोष से गूंज उठा। युवाओं, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का हुजूम उनकी एक झलक पाने के लिए घंटों से इंतजार कर रहा था। पवन सिंह ने सबसे पहले स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने प्रतिमा पर गमछे से पगड़ी बांधी और हाथ जोड़कर नमन किया, जिससे समर्थकों के बीच भावनात्मक माहौल बन गया।

स्वागत समारोह के दौरान उन्हें माला, गमछा और वीर कुंवर सिंह का स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। वहीं भीड़ में मौजूद युवाओं ने जोशीले अंदाज में नारेबाजी करते हुए राजनीतिक संदेश देने की भी कोशिश की। “आरा का सांसद कैसा हो, पवन सिंह जैसा हो” जैसे नारों से पूरा किला परिसर गूंजता रहा। इस नारेबाजी ने इलाके की सियासत में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

राजनीतिक जानकार इसे आगामी चुनावी समीकरणों से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पवन सिंह ने अपने संबोधन में कोई राजनीतिक बयान नहीं दिया, लेकिन उनके स्वागत में उमड़ी भीड़ ने यह जरूर साबित कर दिया कि वे जनसमर्थन जुटाने की क्षमता रखते हैं। बाद में वह दिनारा विधानसभा क्षेत्र के भलुनी गांव के लिए रवाना हो गए। इस दौरान राष्ट्रीय लोक मोर्चा के बिहार प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।

रिपोर्टर आशीष कुमार