Arrah Bridal Makeup Competition: ब्रश में दिखा हुनर, मेकअप में बिखरा जादू... आरा की ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता में 100 से ज्यादा आर्टिस्टों ने जीता दिल

Arrah Bridal Makeup Competition: हुनर जब मेहनत से मिलता है तो पहचान खुद-ब-खुद बन जाती है।...

Over 100 artists won hearts at the bridal makeup competition
ब्रश में दिखा हुनर, मेकअप में बिखरा जादू! - फोटो : reporter

Arrah Bridal Makeup Competition: हुनर जब मेहनत से मिलता है तो पहचान खुद-ब-खुद बन जाती है। आरा शहर में आयोजित ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता 2026 कुछ ऐसा ही नजारा लेकर आई, जहां रंगों, ब्रश और क्रिएटिविटी ने ऐसा समां बांधा कि हर चेहरा एक नई कहानी बयां करता नजर आया। प्रतियोगिता में 100 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अपने मेकअप स्किल्स का शानदार प्रदर्शन किया और अपनी प्रतिभा से निर्णायकों का दिल जीत लिया।

आरा शहर के करमन टोला स्थित एक होटल में मेकअप स्टूडियो, आरा की ओर से इस भव्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे मेकअप आर्टिस्टों ने आधुनिक ब्राइडल लुक, पारंपरिक मेकअप और नए ट्रेंड्स का बेहतरीन संगम पेश किया। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता, तकनीक और प्रोफेशनल स्किल्स का ऐसा प्रदर्शन किया कि निर्णायकों के लिए विजेताओं का चयन करना आसान नहीं रहा। हर प्रतिभागी ने अपने हुनर से यह साबित करने की कोशिश की कि मेकअप केवल एक पेशा नहीं, बल्कि एक कला है जो चेहरे की खूबसूरती के साथ आत्मविश्वास को भी निखारती है।कार्यक्रम का मूल्यांकन प्रसिद्ध मेकअप आर्टिस्ट खुशबू, अश्विनी (पटना) और मनीष (वाराणसी) ने किया। निर्णायकों ने प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आरा में मेकअप और ब्यूटी इंडस्ट्री के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यहां के युवा मेकअप आर्टिस्ट अपनी मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर तक पहचान बनाने की क्षमता रखते हैं।

प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सर्टिफिकेट, ट्रॉफी और आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया। वहीं प्रदर्शन के आधार पर 100 प्रतिभागियों में से पांच सर्वश्रेष्ठ मेकअप आर्टिस्ट का चयन कर उन्हें विशेष सम्मान प्रदान किया गया। विजेताओं की घोषणा होते ही पूरे हॉल में तालियों की गूंज सुनाई दी और प्रतिभागियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

आयोजकों ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य नए और उभरते मेकअप आर्टिस्टों को एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना और उनके आत्मविश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता रहे।

कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि यदि प्रतिभा को सही मंच और अवसर मिले, तो छोटे शहरों के कलाकार भी बड़े सपनों को साकार कर सकते हैं।

रिपोर्ट- आशीष कुमार