Bihar News : भरत तिवारी एनकाउंटर मामला, न्यायिक जांच आयोग के सामने पेश हुए मृतक के माता-पिता, आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी की रखी मांग

Bihar News : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की तह तक जाने के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग के सामने मृतक के माता-पिता ने उपस्थित होकर अपने विस्तृत बयान दर्ज कराए......पढ़िए आगे

Bihar News : भरत तिवारी एनकाउंटर मामला, न्यायिक जांच आयोग के
भरत तिवारी के माता-पिता की गवाही - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी पुलिस एनकाउंटर मामले में गठित न्यायिक जांच आयोग के समक्ष शनिवार को मृतक के माता-पिता ने अपना बयान दर्ज कराया। आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति विनोद कुमार सिन्हा के समक्ष दोनों ने अलग-अलग अपनी गवाही दी और घटना से जुड़े तथ्यों के साथ अपना पक्ष रखा। गवाही के बाद मीडिया से बातचीत में मृतक के पिता काशीनाथ तिवारी ने बताया कि उन्होंने आयोग के समक्ष वही बातें रखीं, जो उनके साथ घटना के दिन हुई थीं। उन्होंने कहा कि घटना के समय पुलिस उन्हें थाने ले गई थी, जहां पूरे दिन उन्हें थाने में रखा गया। उन्होंने आयोग को बताया कि जिस समय घटना हो रही थी, उस दौरान वह थाने में थे। उन्होंने अपनी जानकारी के अनुसार पूरा घटनाक्रम आयोग के सामने रखा।

गिरफ्तारी और जांच की प्रगति के सवाल पर काशीनाथ तिवारी ने कहा कि आयोग ने फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी रहने की बात कही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और निष्पक्ष कार्रवाई होगी। वहीं, मृतक की मां आशा देवी ने बताया कि उन्होंने आयोग के समक्ष वही बयान दिया, जो उन्होंने स्वयं देखा और अनुभव किया। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े जिन पुलिस अधिकारियों और कर्मियों पर उन्हें संदेह है, उनके संबंध में भी आयोग को जानकारी दी गई। आयोग के अध्यक्ष ने उनसे करीब एक घंटे तक विस्तार से बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।

आशा देवी ने बताया कि उन्होंने आरोपित पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी का मुद्दा भी आयोग के समक्ष उठाया। इस पर उन्हें बताया गया कि पहले सभी संबंधित पक्षों और गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे, उसके बाद जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। उन्होंने यह भी कहा कि घटना से जुड़े मोबाइल फोन के संबंध में भी उन्होंने आयोग के समक्ष अपनी बात रखी है।

न्याय मिलने की उम्मीद पर आशा देवी ने कहा कि फिलहाल जांच जारी है और सभी गवाहों के बयान तथा बहस पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। उन्होंने बताया कि परिवार के अन्य सदस्यों को भी आयोग ने गवाही के लिए बुलाया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा गठित न्यायिक जांच आयोग भरत तिवारी एनकाउंटर मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रहा है। आयोग क्रमवार गवाहों के बयान दर्ज कर रहा है और आने वाले दिनों में परिवार के अन्य सदस्यों तथा संबंधित पुलिस अधिकारियों की भी गवाही ली जाएगी।

आशीष की रिपोर्ट