Bihar Crime : आरा के नूतन छात्रावास में पुलिस ने की छापेमारी, हथियार और जिन्दा कारतूस के साथ 6 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Bihar Crime :आरा नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला स्थित नूतन छात्रावास में पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar Crime : आरा के नूतन छात्रावास में पुलिस ने की छापेमारी
हॉस्टल में छापेमारी - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। आरा नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला स्थित नूतन छात्रावास में पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस, मैगजीन, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल समेत कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए हैं।

गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम का गठन

भोजपुर पुलिस ने बताया की 21 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ असामाजिक तत्व किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में करमन टोला स्थित नूतन छात्रावास में छिपे हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के प्रत्यक्ष नेतृत्व में सदर-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डीआईयू टीम और नवादा थाना पुलिस की एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ली गई तलाशी के दौरान ये गिरफ्तारियां हुईं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्रियां जब्त की हैं

छात्रावास में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, दो मैगजीन, सात जिंदा कारतूस, लोहे का एक ताब, ब्लूटूथ जैसे दो उपकरण, नौ मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल जब्त किया है। वहीँ मौके से प्रद्युम्न कुमार सिंह (पिता - भूषण सिंह, निवासी- केशोपुर, बड़हरा, भोजपुर), अभिजीत कुमार चौबे (पिता - मोहन मुरारी चौबे, निवासी- गरैया, शाहपुर, भोजपुर), गोलू कुमार सिंह (पिता - विनोद सिंह, निवासी- भदसरा, आरा मुफस्सिल, भोजपुर), लवकुश कुमार तिवारी (पिता - ब्रज बिहारी तिवारी, निवासी- अमहेटा, अगिआंव बाजार, भोजपुर), धीरज कुमार (पिता - सुरेश राय, निवासी- परमेश्वरपुर) और मोहित कुमार सिंह (पिता - मिथिलेश कुमार सिंह, निवासी- बलिगांव, आयर, भोजपुर) को गिरफ्तार किया है। 

नवादा थाना में प्राथमिकी दर्ज

इस मामले में आरा नवादा थाना कांड संख्या 788/26, दिनांक 21 अक्टूबर 2026 दर्ज की गई है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4)/3(5) तथा आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। भोजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अपराधियों के विरुद्ध ऐसा अभियान आगे भी जारी रहेगा।

आशीष की रिपोर्ट