Bihar News : आरा में जमीन विवाद में हुई रिटायर्ड अधिकारी रामकुमार सिंह की हत्या, आरोपी को जुलूस निकालकर कोर्ट ले गयी पुलिस

Bihar News : भोजपुर जिले में बहुचर्चित सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी राम कुमार सिंह हत्याकांड में पुलिस ने कोईलवर पुल के समीप छापेमारी कर एक पिंटू कुमार को धर दबोचा.....पढ़िए आगे

Bihar News : आरा में जमीन विवाद में हुई रिटायर्ड अधिकारी राम
शूटर गिरफ्तार - फोटो : ASHISH

ARA : सेवानिवृत्त कस्टम अधिकारी राम कुमार सिंह हत्याकांड में भोजपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुरुवार की शाम कोईलवर पुल के समीप छापेमारी कर हत्याकांड के मुख्य आरोपितों में शामिल पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, घटना के दिन पिंटू कुमार शूटरों के साथ मोटरसाइकिल चला रहा था और घटनास्थल पर भी मौजूद था। उसकी गिरफ्तारी के बाद हत्याकांड की साजिश से जुड़े कई महत्वपूर्ण पहलुओं के सामने आने की बात कही जा रही है। गिरफ्तार आरोपित पिंटू कुमार मूल रूप से बिहिया का निवासी है। वर्तमान में वह आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के कृष्णानगर में रह रहा था। उसके पिता का नाम स्वर्गीय राजेंद्र बताया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले गिरफ्तार चंदन सिंह से पूछताछ के दौरान जो जानकारियां मिली थीं, उनकी पुष्टि पिंटू कुमार ने भी की है। वह चंदन सिंह का करीबी मित्र बताया जा रहा है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि पिंटू कुमार ने दो अन्य शूटरों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम देने में भूमिका निभाई थी। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने उसके घर से एक हथियार और दो कारतूस बरामद किए हैं। भोजपुर पुलिस अधीक्षक के अनुसार, गिरफ्तार पिंटू कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके विरुद्ध शराब, हत्या और गोलीबारी सहित लगभग आठ से दस आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। पूछताछ के दौरान उसने हत्या की साजिश और आरोपितों के बीच हुई बैठकों से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस का कहना है कि वारदात को अंजाम देने के लिए उसे शुरुआती तौर पर दो लाख रुपये दिए गए थे। इस राशि का इस्तेमाल हथियार खरीदने और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए किया जाना था।

जमीन विवाद को लेकर रची गई थी हत्या की साजिश

पुलिस की प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को हत्या की साजिश की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस के अनुसार, संबंधित जमीन पर अंतरिम रोक लगाए जाने के बाद आरोपितों ने राम कुमार सिंह की हत्या की योजना बनाई थी। इस साजिश में चंदन सिंह, मनोज कुमार सिंह उर्फ लक्की, टीपू, अभिषेक सहित जमीन के कारोबार से जुड़े कई अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इस हत्याकांड की साजिश में लगभग 15 से 20 लोग शामिल थे। वारदात को अंजाम देने के लिए सभी ने मिलकर धनराशि जुटाई थी। हालांकि, साजिश में शामिल सभी लोगों की भूमिका की पुलिस अभी गहनता से जांच कर रही है।

बिना चेहरा ढके आरोपित को शहर में घुमाते हुए न्यायालय ले गई पुलिस

पिंटू कुमार की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर पुलिस की कार्रवाई शहर में चर्चा का विषय बनी रही। नवादा थाना से आरा न्यायालय तक पुलिस गिरफ्तार आरोपित को बिना चेहरा ढके ही शहर की सड़कों से होते हुए ले गई। इससे पहले इस हत्याकांड में गिरफ्तार किए गए तीन अन्य आरोपितों को भी इसी तरह बिना चेहरा ढके पुलिस ने न्यायालय तक पहुंचाया था। इस दौरान शहर के लोगों की नजरें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी रहीं।

कई आरोपित अब भी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

भोजपुर एसपी ने बताया कि हत्याकांड में अभी कई अन्य आरोपित फरार हैं। कुछ आरोपितों के विरुद्ध न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त किया जा चुका है। यदि वे शीघ्र गिरफ्तार नहीं होते हैं, तो उनके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। पिंटू कुमार से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। वहीं, पूर्व में गिरफ्तार आरोपितों को भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी की जा रही है। पुलिस का मानना है कि पिंटू कुमार की गिरफ्तारी से राम कुमार सिंह हत्याकांड की साजिश और उसमें शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी।

आशीष की रिपोर्ट