Bihar News : भरत तिवारी कथित पुलिस एनकाउंटर मामला, न्यायिक आयोग के समक्ष 3 गवाहों के दर्ज हुए बयान, भाभी सुमन देवी से डेढ़ घंटे तक हुई पूछताछ

Bihar News : भरत तिवारी एनकाउंटर मामले की तह तक जाने के लिए गठित न्यायिक जांच आयोग के समक्ष सोमवार को तीन बेहद अहम गवाहों ने उपस्थित होकर अपना-अपना बयान दर्ज कराया।

Bihar News : भरत तिवारी कथित पुलिस एनकाउंटर मामला, न्यायिक आ
भरन्यायिक आयोग के सामने गवाही - फोटो : ASHISH

ARA :  भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी कथित पुलिस एनकाउंटर मामले की न्यायिक जांच लगातार आगे बढ़ रही है। सोमवार को न्यायिक जांच आयोग के समक्ष तीन अहम गवाहों ने अपना बयान दर्ज कराया। इनमें भरत तिवारी की भाभी सुमन देवी और प्रत्यक्षदर्शी होने का दावा करने वाले सत्यनारायण चौधरी, मंटू कमकर शामिल रहे। तीनों ने आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायाधीश विनोद कुमार सिन्हा के समक्ष घटना से जुड़ा अपना-अपना पक्ष रखा।

गवाही के बाद मीडिया से बातचीत में सुमन देवी ने बताया कि आयोग के समक्ष उन्होंने घटना से संबंधित सभी तथ्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आयोग ने उनसे घटना के क्रम, संबंधित पुलिस अधिकारियों और अन्य पहलुओं पर विस्तार से पूछताछ की। उनके अनुसार, आयोग के अध्यक्ष ने भरोसा दिलाया कि पूरी सुनवाई के बाद न्याय मिलेगा। सुमन देवी ने बताया कि उनसे करीब डेढ़ घंटे तक पूछताछ हुई। उन्होंने न्यायिक जांच प्रक्रिया पर विश्वास जताते हुए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

वहीं, दूसरे गवाह सत्यनारायण चौधरी ने भी आयोग के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि उन्होंने आयोग को वही बातें बताईं जो उनके अनुसार घटना के समय उन्होंने देखीं। उन्होंने कहा कि आयोग ने उनसे घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की और उन्होंने अपनी जानकारी के अनुसार पूरा घटनाक्रम बताया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें न्यायिक जांच से न्याय मिलने की उम्मीद है।

भरत तिवारी कथित एनकाउंटर मामले में न्यायिक जांच आयोग लगातार गवाहों के बयान दर्ज कर रहा है। आयोग की ओर से परिवार के सदस्यों, प्रत्यक्षदर्शियों और मामले से जुड़े अन्य लोगों के बयान लिए जा रहे हैं। माना जा रहा है कि इन गवाहियों के आधार पर आयोग आगे की जांच को अंतिम रूप देगा और अपनी रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपेगा।

आशीष की रिपोर्ट