Bihar News :सोन नदी में नहाने गए दो छात्र डूबे, एक छात्र की मौत, 3 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव

Bihar News : नहाने के दौरान दो छात्र गहरे पानी में डूबने लगे, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

Student Drowns in Son River During Bath Friend Rescued
एक छात्र की मौत- फोटो : reporter

Bihar News: भोजपुर जिले के चांदी थाना क्षेत्र स्थित बहियार पहाड़ी बाबा के समीप सोन नदी में  दर्दनाक हादसा हो गया। नहाने के दौरान दो छात्र गहरे पानी में डूबने लगे, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई, जबकि दूसरे को स्थानीय लोगों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल कायम हो गया।

मृतक छात्र की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के बाहरी गांव निवासी शैलेंद्र कुमार के 16 वर्षीय पुत्र प्रकाश कुमार के रूप में हुई है। प्रकाश वर्तमान में अपने परिवार के साथ जीरो माइल इलाके में रह रहा था। वहीं हादसे में बचाए गए छात्र की पहचान सूरज नगर, आरा निवासी संतोष सिंह के पुत्र अनूप कुमार के रूप में की गई है।परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्र घर से ट्यूशन जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद वे अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक से बहियार स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर जाने से पहले सभी दोस्त सोन नदी में स्नान करने लगे। इसी दौरान वे नदी किनारे फोटो और वीडियो भी बना रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फोटो शूट के दौरान दोनों छात्र अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और तेज बहाव में फंसकर डूबने लगे। छात्रों की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर बचाव अभियान शुरू किया और अनूप कुमार को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि प्रकाश कुमार तेज धार में बह गया और देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।घटना की सूचना मिलते ही चांदी थाना पुलिस और टीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत और खोजबीन के बाद रेस्क्यू टीम ने प्रकाश कुमार का शव पुलिया के नीचे से बरामद कर लिया।

शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर नदी और जलाशयों में बिना सुरक्षा के स्नान करने के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोन नदी के कई हिस्सों में अचानक गहराई बढ़ जाती है, जिसके कारण अक्सर ऐसे हादसे सामने आते रहते हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है, जबकि मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार