Bihar News : आरा मंडल कारा का अनुसूचित जाति आयोग की टीम ने किया दौरा, महिला और पुरुष वार्डों का किया निरीक्षण, कैदियों से ली सुविधाओं की जानकारी

Bihar News : आरा मंडल कारा का अनुसूचित जाति आयोग की टीम ने क

ARA : बिहार राज्य अनुसूचित जाति आयोग की दो सदस्यीय टीम ने आज भोजपुर जिले का दौरा किया, जहां उन्होंने आरा मंडल कारा का व्यापक निरीक्षण किया। आयोग के सदस्य रूबेन रविदास और संजय कुमार ने जेल परिसर पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों में घूम-घूमकर कैदियों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं और उनके अधिकारों की स्थिति की जांच की।

निरीक्षण के क्रम में टीम ने महिला और पुरुष दोनों वार्डों में जाकर बंदियों से सीधा संवाद किया। सदस्यों ने कैदियों से उनके रहन-सहन, खान-पान और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। आयोग के सदस्यों ने बंदियों से उनकी समस्याओं और जेल प्रशासन के व्यवहार पर सुझाव भी मांगे, ताकि कारागार की व्यवस्था में और सुधार लाया जा सके।

आयोग की टीम ने मंडल कारा के भीतर कैदियों के लिए संचालित पढ़ाई-लिखाई और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों का भी अवलोकन किया। विशेष रूप से महिला बंदियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जांच की गई। निरीक्षण के बाद टीम ने जेल की वर्तमान व्यवस्था और साफ-सफाई पर संतोष व्यक्त किया। टीम का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि कैदियों को नियमानुसार सभी अधिकार प्राप्त हो रहे हैं।

निरीक्षण के उपरांत, आयोग के सदस्यों ने जेल अधिकारियों और जिला प्रशासन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि जेल से छूटने के बाद बंदियों को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए विशेष प्रशिक्षण दिया जाए। हालांकि टीम व्यवस्था से संतुष्ट दिखी, लेकिन उन्होंने जेल प्रशासन को आगे और बेहतर सुधार करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए।

मीडिया से बात करते हुए टीम ने बताया कि आरा मंडल कारा की स्थिति कुल मिलाकर अच्छी है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में सुधार की गुंजाइश है। उन्होंने कहा कि विशेषकर महिला वार्डों के संदर्भ में कुछ छोटी समस्याएं सामने आई हैं, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित पदाधिकारियों को आदेश दे दिया गया है। इस अवसर पर जेल प्रशासन और जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

आशीष की रिपोर्ट