Bihar News : बिजली विभाग के SDO को लगा जोर का झटका, निगरानी की टीम ने घूस लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार, कमर्शियल के नाम पर 20 हज़ार रूपये मांगी थी रिश्वत
Bihar News : बांका जिले के रजौन विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय में विजिलेंस टीम ने विद्युत एसडीओ बिजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.....पढ़िए आगे
BANKA : बिहार के बांका जिले से भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है, जहां निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने रजौन विद्युत अवर प्रमंडल कार्यालय में छापेमारी कर बिजली विभाग के एसडीओ बिजेंद्र कुमार को 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को हुई इस अचानक कार्रवाई से पूरे बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तारी के तुरंत बाद विजिलेंस की टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ पटना लेकर रवाना हो गई।
घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला धोरैया थाना क्षेत्र के घसिया गांव से जुड़ा है। यहां के निवासी मनोज कुमार यादव (पिता–अनूप लाल यादव) ने अपने आवास पर पहले से चालू घरेलू बिजली कनेक्शन को कमर्शियल कनेक्शन में बदलवाने के लिए विभाग में आवेदन दिया था। आरोप है कि इस जायज काम को करने के बदले विद्युत SDO बिजेंद्र कुमार द्वारा पहले दो लाख रुपये की मोटी रकम मांगी गई थी, लेकिन काफी मान-मनौव्वल के बाद सौदा 30 हजार रुपये में तय हुआ।
पीड़ित मनोज कुमार यादव रिश्वत की रकम नहीं देना चाहते थे, इसलिए उन्होंने इस भ्रष्ट आचरण की लिखित शिकायत पहले ही पटना स्थित विजिलेंस विभाग से कर दी। मुख्यालय के निर्देश पर विजिलेंस टीम ने गुप्त रूप से शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ दबोचने के लिए एक मजबूत जाल बिछाया गया। तय योजना के मुताबिक, सोमवार को जैसे ही पीड़ित ने 20 हजार रुपये की पहली किस्त एसडीओ को सौंपी, वैसे ही मुस्तैद टीम ने उन्हें रंगे हाथ दबोच लिया।
इस सफल ट्रैप का नेतृत्व विजिलेंस डीएसपी सत्येंद्र राम कर रहे थे। उनकी इस विशेष धावा दल की टीम में कुल 10 सदस्य शामिल थे, जिनमें पुलिस निरीक्षक राधेश्याम राम, अश्मित कुमार, अवर निरीक्षक शशिकांत सिंह, राहुल कुमार, रणधीर सिंह और पंकज कुमार सिंह जैसे अनुभवी अधिकारी मुख्य रूप से तैनात थे। विजिलेंस की टीम ने नोटों के नंबरों का मिलान करने और एसडीओ के हाथ धुलवाने जैसी सभी जरूरी तकनीकी व कागजी प्रक्रियाओं को मौके पर ही पूरा किया।
कार्रवाई संपन्न होने के बाद विजिलेंस डीएसपी सत्येंद्र राम ने स्थानीय रजौन थाना पुलिस को पूरे मामले की आधिकारिक जानकारी दी और स्टेशन डायरी में प्रविष्टि कराई। इसके बाद आरोपी विद्युत एसडीओ बिजेंद्र कुमार को विशेष विजिलेंस वाहन से आगे की कड़ी पूछताछ और न्यायिक प्रक्रिया के लिए पटना ले जाया गया है, जहां उन्हें विशेष निगरानी अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई की स्थानीय जनता और उपभोक्ताओं द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
चंद्रशेखर भगत की रिपोर्ट