Bihar Road Accident: तीन युवकों की दर्दनाक मौत, भोजपुर में रफ्तार का कहर, स्टेट हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत

Bihar Road Accident: स्टेट हाईवे पर रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की भीषण टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई।...

Three Killed as Two Bikes Collide on Bhojpur State Highway
तीन युवकों की दर्दनाक मौत- फोटो : reporter

Bihar Road Accident: भोजपुर जिले के पीरो-जगदीशपुर स्टेट हाईवे पर रविवार को रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की भीषण टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा धोबी घटवा (सावन टोला) के समीप हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।मृतकों में प्रदीप सिंह (35 वर्ष), पिता लालन सिंह, निवासी तेंदूनी, भोजपुर शामिल हैं। बताया जा रहा है कि प्रदीप सिंह किसी काम के सिलसिले में तेंदूनी से पीरो दरवाजा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।

दूसरी बाइक पर सवार शक्ति मुसहर (25 वर्ष), पिता गामा मुसहर और गोलू मुसहर (20 वर्ष), पिता बदल मुसहर, दोनों निवासी धरहरा, बिहिया थाना क्षेत्र के रहने वाले थे। जानकारी के अनुसार दोनों युवक रोहतास जिले के कराकाट स्थित अपनी ससुराल से वापस अपने गांव लौट रहे थे। लेकिन रास्ते में धोबी घटवा के पास यह भीषण हादसा हो गया और उनकी जिंदगी की रफ्तार हमेशा के लिए थम गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पीरो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को इलाज के लिए पीरो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, आरा भेज दिया। पुलिस अब हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है।

हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल और अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ जुट गई। तीनों मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।प्रदीप सिंह अपने पीछे पत्नी, दो बेटियां, दो भाई और तीन बहनों को छोड़ गए हैं। वहीं शक्ति और गोलू की मौत से उनके परिवारों पर भी दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। इस दर्दनाक सड़क हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रिपोर्टर-आशीष कुमार