लद्दाख घूमने गए बिहार में दो युवकों की लैंडस्लाइड में मौत, शव पहुंचते ही भोजपुर में मचा कोहराम

बताया जा रहा है कि दो दिनों तक लद्दाख घूमने के बाद सभी युवक एक साइट देखने के बाद बाइक से होटल लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ से अचानक भूस्खलन हुआ और बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरीं।

Bhojpur
Bhojpur- फोटो : news4nation

Bihar News :  लद्दाख घूमने गए भोजपुर के दो युवकों की भूस्खलन की चपेट में आने से मौत हो गई। दोनों के शव पैतृक गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए लोगों की  भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे इलाके में मातम पसरा है और हर किसी की आंखें नम हैं। मृतकों की पहचान बिहिया नगर के जज बाजार निवासी विकास कुमार केशरी के 22 वर्षीय पुत्र अभिजित आनंद और मझौली पंचायत के खाखोबांध गांव निवासी संजय प्रसाद के पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है। 


अभिजित नोएडा स्थित गलगोटिया यूनिवर्सिटी में बीसीए अंतिम वर्ष का छात्र था, जबकि सोनू जगदीशपुर स्थित कुंवर सिंह कॉलेज में स्नातक अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। दोनों गहरे दोस्त थे। बताया जाता है कि अभिजित ने दोस्तों के साथ लद्दाख घूमने का प्लान बनाया था। उसने अपने दोस्त सोनू समेत बिहिया के दो अन्य दोस्तों को दिल्ली बुलाया था। इसके बाद बिहिया के चार और दिल्ली के छह युवकों समेत कुल 10 लोगों का दल टूर पैकेज के जरिए पहले जम्मू पहुंचा और वहां से पांच बाइकों पर लद्दाख के लिए रवाना हुआ। 


बताया जा रहा है कि दो दिनों तक लद्दाख घूमने के बाद सभी युवक एक साइट देखने के बाद बाइक से होटल लौट रहे थे। इसी दौरान पहाड़ से अचानक भूस्खलन हुआ और बड़ी-बड़ी चट्टानें सड़क पर आ गिरीं। इसकी चपेट में एक बाइक पर सवार अभिजित और सोनू आ गए और दोनों मलबे में दब गए।



हादसे में अभिजित की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोनू ने अस्पताल में इलाज के दौरान उसी दिन दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के परिवारों में हड़कंप मच गया। दिल्ली में रहने वाले अभिजित के चाचा लद्दाख पहुंचे और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों शवों को दिल्ली-पटना के रास्ते बिहिया लेकर पहुंचे। शव घर पहुंचते ही परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। दोनों युवकों की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सांत्वना देने के लिए रिश्तेदारों, दोस्तों और स्थानीय लोगों की भीड़ उनके घरों पर जुटी रही। 


परिजनों के अनुसार,दोनों युवकों का अंतिम संस्कार बक्सर में किया जाएगा। लद्दाख की खूबसूरत वादियों में दोस्तों के साथ यादगार पल बिताने निकले अभिजित और सोनू का सफर इस दर्दनाक हादसे के साथ हमेशा के लिए थम गया। इस घटना से पूरे बिहिया नगर में शोक की लहर है।

आशीष कुमार की रिपोर्ट