Ara Road Accident:पुलिस पर पथराव, ट्रेलर में तोड़फोड़, भोजपुर में रफ्तार के खूनी खेल के बाद बवाल, बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को रौंदा

Ara Road Accident भोजपुर जिले में एक बार फिर बेलगाम रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।...

Two Killed in Bhojpur Trailer Crash Mob Attacks Police
पुलिस पर पथराव- फोटो : reporter

Ara Road Accident:भोजपुर जिले में एक बार फिर बेलगाम रफ्तार ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। चरपोखरी थाना क्षेत्र के बालबांध गांव स्थित सूर्य मंदिर के समीप मंगलवार को एक बेकाबू ट्रेलर ने बाइक सवार दो लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम के साथ-साथ गुस्से का ऐसा विस्फोट हुआ कि पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवारों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की खबर फैलते ही ग्रामीणों का सब्र टूट गया और उन्होंने सड़क जाम कर जमकर हंगामा, तोड़फोड़ और प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आक्रोशित भीड़ ने हादसे के जिम्मेदार ट्रेलर को घेर लिया और उसमें जमकर तोड़फोड़ कर उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हालात उस वक्त और बिगड़ गए जब मौके पर पहुंची चरपोखरी थाना पुलिस भी लोगों के गुस्से का निशाना बन गई। उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस जीप के शीशे चकनाचूर हो गए। कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि नो-एंट्री लागू होने के बावजूद भारी वाहनों का धड़ल्ले से परिचालन कराया जा रहा है, जिसकी वजह से लगातार जानलेवा हादसे हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और ट्रैफिक नियमों की अनदेखी ने दो निर्दोष लोगों की जान ले ली।

फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद इलाके में तनाव कायम है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर तत्काल रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

 रिपोर्टर- आशीष कुमार