Bihar Road Accident : भोजपुर में भीषण सड़क हादसा, भांजी की शादी से लौट रहे मामा और दोस्त की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Bihar Road Accident : बिहार के भोजपुर जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है. जहाँ भांजी की शादी से लौट रहे मामा और दोस्त की मौत हो गयी......पढ़िए आगे
ARA : बिहार के भोजपुर जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोइलवर थाना क्षेत्र के बक्सर-पटना हाईवे का है, जहाँ बुधवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। कोइलवर अंडरपास के समीप एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने बाइक सवार दो दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद हाईवे पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मृतकों की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना अंतर्गत कटेसर गांव निवासी अमित कुमार (35) और सुजीत कुमार (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अमित अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए कोइलवर क्षेत्र में अपनी बहन के घर गए थे। उनके साथ उनके बचपन के मित्र सुजीत कुमार भी थे। शादी समारोह के बाद दोनों बुधवार तड़के बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे, लेकिन घर पहुँचने से पहले ही वे हादसे का शिकार हो गए।
हादसे का मंजर बेहद दर्दनाक था। मृतक के पड़ोसी ने बताया कि अमित की भाभी भी उसी रास्ते से एक ऑटो में पीछे से आ रही थीं। उन्होंने सड़क पर दुर्घटनाग्रस्त बाइक और परिजनों को पड़ा देख तुरंत शोर मचाया और घर वालों को फोन पर इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव से भारी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक अमित और सुजीत की सांसें थम चुकी थीं। एक ही गांव के दो युवकों की मौत की खबर से कटेसर गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कोइलवर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने एम्बुलेंस के जरिए दोनों मृतकों को पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और घटनास्थल की स्थिति से स्पष्ट है कि पिकअप की रफ्तार काफी तेज थी। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी वाहन और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।
इस दुखद घटना ने एक बार फिर से हाईवे पर सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण के दावों की पोल खोल दी है। अमित और सुजीत दोनों ही अपने परिवार के कमाऊ सदस्य थे और उनकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी वाले घर में जहाँ कल तक गीत-मंगल गाए जा रहे थे, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और जल्द ही फरार चालक को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।