Bihar News : भोजपुर में पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव, दो गाड़ियों को किया क्षतिग्रस्त, महिला सिपाही हुई जख्मी

Bihar News : भोजपुर जिले के धूधूआँ गांव में छापेमारी करने गयी गयी पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इस घटना में महिला पुलिसकर्मी जख्मी हो गयी......पढ़िए आगे

Bihar News : भोजपुर में पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया पथराव
पुलिस टीम पर हमला - फोटो : ASHISH

ARA : भोजपुर जिले के आरा प्रखंड अंतर्गत मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धूधुआँ गांव में रविवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई, जब एक मामले में छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। दोपहर करीब 1:00 बजे हुए इस दुस्साहसिक हमले में गांव के पुरुष, महिलाएं और बच्चे तक शामिल थे। उग्र भीड़ द्वारा किए गए भारी पथराव में मुफस्सिल थाना की एक महिला पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, वहीं पुलिस की दो गाड़ियों के शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही आरा सदर एसडीपीओ-1 राजकुमार शाह तुरंत मुफस्सिल थाना पहुंचे और भारी पुलिस बल के साथ मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

इस पूरे बवाल की जड़ में दो अलग-अलग समुदायों के बीच उपजा एक गंभीर प्रेम-प्रसंग का विवाद बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, धूधुआँ गांव के बिंद समाज के एक युवक और यादव समाज की एक युवती के घर से भाग जाने को लेकर दोनों पक्षों में पिछले कुछ समय से तनाव चल रहा था। हालांकि, स्थानीय पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रेमी युगल (लड़का-लड़की) को सकुशल बरामद कर लिया था। इसके बाद मामले को शांत कराने के लिए दोनों पक्षों को थाने में समझौते के लिए बुलाया गया था। लेकिन विडंबना देखिए कि समझौते के दिन ही दोनों पक्ष एक बार फिर आपस में भिड़ गए और विवाद हिंसक रूप ले बैठा।

थाने परिसर के बाहर हुए इस विवाद के दौरान यादव पक्ष के लोगों ने उग्र होकर बिंद समाज के लोगों की बेरहमी से पिटाई कर दी। इस मारपीट की घटना के बाद पीड़ित बिंद समाज के लोगों ने मुफस्सिल थाने में लिखित आवेदन देकर नामजद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई। इसी दर्ज मामले के आलोक में आरोपियों की धर-पकड़ और गिरफ्तारी के लिए मुफस्सिल थाना के पुलिस पदाधिकारी जवानों के साथ रविवार को धूधुआँ गांव में छापेमारी करने पहुंचे थे। पुलिस को देखते ही आरोपी पक्ष के लोग भड़क उठे और कानून को हाथ में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैसे ही पुलिस की गाड़ियां गांव में दाखिल हुईं, वैसे ही 100 से अधिक की संख्या में लाठी-डंडे और पत्थरों से लैस महिला, पुरुष और बच्चों ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस ने जब लोगों को समझाने का प्रयास किया, तो भीड़ ने अचानक अंधाधुंध पथराव शुरू कर दिया। इस अचानक हुए हमले से पुलिस कर्मियों को संभलने का मौका नहीं मिला, जिससे एक महिला सिपाही चोटिल हो गईं। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस बड़े हमले में कोई अन्य गंभीर हताहत नहीं हुआ और पुलिस बल ने सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस पर हुए इस दुस्साहसिक हमले के बाद जिला पुलिस महकमा बेहद सख्त रुख अपना रहा है। एसडीपीओ-1 राजकुमार शाह ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और पुलिस वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के मामले में उपद्रवियों को चिन्हित किया जा रहा है। गांव में अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि कानून पर हमला करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही हमले में शामिल महिला-पुरुषों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

आशीष की रिपोर्ट