ठनका की चपेट में आए वार्ड सदस्य किसान की दर्दनाक मौत, पति-पत्नी झुलसे, गांव में पसरा मातम
Bihar Weather: आसमान से गिरी आफत ने भोजपुर जिले में एक किसान परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। ..
Bihar Weather: आसमान से गिरी आफत ने भोजपुर जिले में एक किसान परिवार को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया। भोजपुर आयर थाना क्षेत्र में सोमवार को खेत में काम कर रहे एक किसान की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में एक दंपती भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।यह दर्दनाक हादसा आयर थाना क्षेत्र के अशुद्धन गांव, वार्ड संख्या-11 में हुआ। मृतक की पहचान 45 वर्षीय भिखारी सिंह, पिता सुदर्शन सिंह, के रूप में हुई है। भिखारी सिंह पेशे से किसान थे और साथ ही जगदीशपुर प्रखंड की बरनांव पंचायत के वार्ड संख्या-11 के निर्वाचित वार्ड सदस्य भी थे।
जानकारी के अनुसार, भिखारी सिंह सोमवार को अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट बदली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ अचानक ठनका गिर पड़ा। बिजली की चपेट में आते ही किसान जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।इसी हादसे में गांव के ही ललन सिंह (50 वर्ष) और उनकी पत्नी शिवकुमारी देवी भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।ग्रामीणों के मुताबिक, अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। एक तरफ जहां वार्ड सदस्य की मौत से लोग गमगीन हैं, वहीं घायल दंपती की सलामती के लिए लोग दुआ कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही आयर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोगों की आंखों के सामने अचानक उनका सहारा छिन गया। वहीं, वार्ड सदस्य की मौत की खबर फैलते ही पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
मानसून के दौरान बिहार में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। खेतों में काम करने वाले किसान और खुले स्थानों पर रहने वाले लोग सबसे ज्यादा खतरे में रहते हैं।प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जाती रही है कि खराब मौसम के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें। बावजूद इसके, हर साल ठनका कई परिवारों को उजाड़ देता है।
रिपोर्ट- आशीष कुमार